जब किसानों ने कहा..यह तो प्रदर्शन है…धान नहीं खरीदा गया..तो परिवार के साथ करेंगे आत्महत्या..डीएमओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग

BHASKAR MISHRA

बिलासपुर—- तखतपुर ब्लाक के लाखासार के किसानों ने जिला कार्यालय के सामने पहुंचकर गले में गमझा का फंदा डालकर प्रदर्शन किया। किसानों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह तो अभी प्रदर्शन है। यदि उनका धान नहीं खरीदा गया तो हर किसान के घर से एक लाश निकलेगी। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते ही उनका धान नहीं खरीदा गया। 

Join Our WhatsApp Group Join Now

                   लाखासार के किसानों ने जिला कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को पत्र दिया। इसके पहले किसानों ने कलेक्टर कार्यालय के बाद गले में गमझा का फंदा डालकर प्रदर्शन किया। साथ ही धमकी भी दी कि यद उनका धान नहीं खरीदा जाता है तो वह दिन दूर नहीं जब प्रदर्शन करने वाले किसानों के घर में सभी लोग गले में फंदा डालकर आत्महत्या के लिए मजबूर होंगे।

                मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर प्रशासन को दिए पत्र में किसानों ने बताया कि धान खरीदी के अवधि में अंतिम 25 दिनों तक केन्द्रों में धान का एक भी दाना नहीं खरीदा गया। समिति के प्रबंधक के सम्पर्क में रहने के बाद भी हमको टोकन नहीं दिया गया। इसके पहले रसूखदार और मालगुजारों को टोकन देकर उनका धान खरीदा गया। इसके बाद हमें टोकन तब दिया गया जब धान खरीदी की तारीख 25 दिन रह गए थे। बावजूद इसके हम लोगों को अंतिम समय तक टाल दिया गया।

                       किसानों ने बताया कि अंतिम दिनों में हमें बताया गया कि बारदाना नहीं है। इसलिए धान खरीदी नही कर रहे हैं। जिसके चलते समिति में आज भी 14 हजार बोरी धान बिना तौल के रखा हुआ है।

           नाराज किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम दिए पत्र में कहा है कि अंतिम 25 दिनों में किसानों का एक दाना धान नहीं खरीदा गया। डीएमओ शोभना तिवारी से किसानों ने कई बार मिलकर समिति में वारदाना भेजने को कहा। लेकिन एक भी वारदाना अन्त तक नहीं भेजा गया। जिसके चलते हमारा धान अब तक नहीं बिका है। 

                किसानों ने कहा यदि धान की बिक्री नहीं होती है तो हमारा परिवार सड़क पर आ जाएगा। इसलिए किसानों की परेशानियों को समझते हुए टोकन काटे गए किसानों के धान को जल्द से जल्द खरीदा जाए। यदि हमारी मांग को नहीं माना गया तो हम लोग अभी तो प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन फांसी लगाकर आत्महत्या करने में समय नहीं लगेगा। इस दौरान किसानों ने कलेक्टर प्रशासन से डीएमो शोभना तिवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।

close