जेटली करेंगे दो दिवसीय राष्ट्रीय खनिज संगोष्ठी का शुभारंभ

Shri Mi
3 Min Read

Arun_Jaitleyरायपुर।केन्द्रीय वित्त और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अरूण जेटली 4 जुलाई को राजधानी रायपुर में 10.25 बजे दो दिवसीय राष्ट्रीय खान और खनिज संगोष्ठी का शुभारंभ करेंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और केन्द्रीय इस्पात एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित शुभारंभ समारोह में केन्द्रीय इस्पात एवं खान राज्य मंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर के लोकसभा सांसद रमेश बैस और छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री अमर अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। संगोष्ठी में राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण नीति का अनावरण भी किया जाएगा।

                     सर्वश्रेष्ठ कार्यों के लिए खदानों को स्टार रेटिंग देने का जो प्रावधान किया गया है, उसके तहत पिछले वर्ष के चयनित खदानों को संगोष्ठी में पुरस्कृत भी किया जाएगा।स्थानीय होटल में इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन राज्य सरकार के खनिज साधन विभाग द्वारा केन्द्र सरकार के खान मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है।

                     छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लगभग 16 वर्षों में यह पहला अवसर है, जब प्रदेश सरकार को राष्ट्रीय स्तर की खान एवं खनिज संगोष्ठी के आयोजन का अवसर मिला है। खनिज उद्योगों को और भी अधिक प्रभावी बनाना, खनन क्षेत्र में अवसरों और चुनौतियों पर मंथन करना, देश के विकास में खनिज क्षेत्रों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना और खनन उद्योग से संबंधित नियमों तथा नीतियों के बारे में विचार-विमर्श कर सुझाव प्राप्त करना संगोष्ठी के मुख्य उद्देश्य है।

                       इनके अलावा छत्तीसगढ़ सहित देश के बारह राज्यों के खनिज विभागों के सचिव, विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों और प्रमुख खनिज उद्योगों के प्रतिनिधियों सहित कई वरिष्ठ अर्थशास्त्री भी संगोष्ठी में शामिल होंगे। संगोष्ठी में भारतीय खनिज उद्योग संघ (फिमी) की भी सक्रिय भागीदारी है। उद्घाटन सत्र के बाद कल चार जुलाई को दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक तीन तकनीकी सत्र और विभिन्न उद्योगों के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ समूह चर्चा का भी आयोजन किया जाएगा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close