झूम कर निकलेगी दिशा मंच की रैली…सजेगा बावली कुँआ…महात्मा गांधी चौक में जलाएंगे कैंडल..फिर रंगारंग कार्यक्रम

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—हमेशा की तरह आजादी का पर्व इस साल भी धूमधाम से मनाया जाएगा। जगह-जगह झण्डा रोहण किया जाएगा। शहीदों को नम आंखो से याद किया जाएगा। शहर में शहीदों को याद करते हुए कई कार्यक्रमों का आयोजन भी होंगे। इसी क्रम में पिछले 10 सालों से जनता में देश भक्ति का जज्बा जगाने वाली संस्था दिशा मंच का कार्यक्रम भी लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र होगा। बताते चलें कि शहरवासियों को 26 जनवरी और 15 अगस्त की पूर्व संध्या में दिशा मंच के कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस दौरान लोगों में देश के प्रति समर्पित भावनाएं देखते ही बनती है।
               पिछले दस साल से दिशा मंच 15 अगस्त और 26 जनवरी के पूर्व संध्या पर शहीदों और भारत माता के लाड़ले जवानों को सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर याद करता है। आजादी के पूर्व संध्या पर इस बार भी दिशा मंच का कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केन्द्र होगा। वरिष्ठ,समाज सेवियों का सम्मान किया जाएगा। शहीदों को नमन और भारत माता के महान लाड़ले सपूतों को याद किया जाएगा।
                                        जानकारी देते चलें कि दिशा मंच पिछले 10 साल से आजादी के ठीक एक दिन पहले 14 अगस्त को सर्व समाज और दलों के साथ मिलजुलकर आजादी उत्सव रैली निकालता है। इस बार भी हमेशा की तरह रैली 14 अगस्त शाम 5 बजे बाजपेयी मैदान प्रताप टाकीज से निकलकर महात्मा गांधी को प्रणाण करने गांधी चौक जाएगी। आजादी उत्सव रैली तिलक नगर,कम्पनी गार्डन ,सदर बाजार,गोल बाजार,जूना बिलासपुर से होकर निकलेगी। गांधी चौक में  राष्ट्र भक्ति गीतों के साथ मोमबत्ती जलाकर रैली में शामिल सभी लोग आजादी के परवानों को श्रद्धांजलि देंगे।
          दिशा मंच के अध्यक्ष नरेंद्र बोलर ने बताया कि आजादी उत्सव रैली का 10 वां साल है। आज हम स्वतन्त्र देश के आबोहवा में सांस ले रहे हैं। जिसका श्रेय उन भारत माता के लाडले सपूतों को जाता है जिन्होंने देश के लिए अपना सबकुछ निःस्वार्थ भाव से कुर्बान कर दिया। तन, मन, धन, समय , भारत माता के नाम कर दिया।  हंसते हंसते हजारों लाखों लोग फांसी को चूमा। ऐसे महान राष्ट्र भक्तो को दिशा मंच के माध्यम से 14 अगस्त की शाम याद किया जाता है।
 एकता का प्रतीक गांधी और बावली
                          नरेन्द्र बोलर ने बताया…कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर नगर और प्रदेश में अमन चैन रहे..। आजादी कितने पापड़ बेलने के बाद हासिल हुई जनता महसूस करें। बोलर ने बताया कि 14 अगस्त को एतिहासिक वाबली कुआं और आस पास के क्षेत्र को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी चौक के भी विशेष साज सज्जा की जाती है। दोनों ही जगहों का अपना खास स्थान हैं। बावली कुंआ बिलासपुर की विशेष पहचान है। यहां स्थित मंदिर के पास सर्वधर्म समाज के लोग पूजा अर्चना करते हैं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विषय में कुछ कहने और बताने की जरूरत ही नहीं है। दिशा मंच के माध्यम से हमारा प्रयास रहता है कि लोगों में आजादी के अलख को जगाकर रखा जाए। अमर बलदानियों को हृदय में बसा कर रखा जाए। आजादी मेँ इनके योगदान को याद कर देश में अमन चैन को बनाकर रखा जाए।
                     नरेन्द्र ने बताया कि शाम को बावली कुआं के पास मनोहर टाकीज कैम्पस में शहीदों को गीत संगीत के माध्यम से याद किया जाएगा। लोग मंच से अपनी भावनाओं और आजादी के महत्व को सबके सामने रखेंगे। इस दौरान शहर के सभी गणमान्य लोग दल,धर्म,जाति,मजहब और कटु भावनाओं से परे एक दूसरे को गले लगाकर आजादी की शुभकामनाएं देंगे
close