टीएस ने साधा भाजपा की रीति नीति पर निशाना…कहा किसानों की आत्महत्या में सरकार की भूमिका..10 दिन में करेंगे कर्ज माफ

BHASKAR MISHRA
7 Min Read

  बिलासपुर–कोटा विधानसभा स्थित तहसील कार्यालय को किसानों को जिला कांग्रेस और ब्लाक कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने टीएस सिंहदेव की अगुवाई में तहसील कार्यालय का घेराव किया। तहसील कार्यालय तक रैली निकालने से पहले टीएस सिंहदेव समेत कांग्रेस नेताओं ने किसानों की सभा को संबोधित किया। सिंहदेव ने चुनचुन कर सरकार की नीति और रीति पर निशाना साधा। प्रदेश मुखिया को किसान विरोधी बताया। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार के पास पन्द्रह सालों में करने को बहुत कुछ था। लेकिन हुआ कुछ नहीं। किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। सेवा की पर्याय नर्सों को जेल के अन्दर ठूंसा गया। ऐसी सरकार को बदलने का समय आ गया है।

                        कोटा में आमसभा को संबोधित करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि बिलासपुर जिले के ही नहीं बल्कि  सरकार ने प्रदेश किसानों के साथ खुला छल और धोखा  किया है। राज्य निर्माण के बाद किसानों की दशा और दिशा सुधारने के लिए पर्याप्त संभावनाएं थीं। लेकिन 15 वसालों में भाजपा सरकार ने किसानों के साथ केवल छल और धोखा किया है। क्योंकि भाजपा सरकार के पास किसानों के विकास को लेकर कोई ठोस विजन नहीं है।

                                       टीएस ने बताया प्रदेश में खनिज संपदाओं की लूट और कमीशनखोरी का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। जल, जंगल, जमीन सब की सौदेबाजी हो रही है। सेवा भावना की प्रतीक नर्सों को अमानवीय ढंग से जेलों में ठूंसा गया। मितानिनों पर लाठियां बरसायी जा रही हैं। शिक्षक विद्यालय छोड़कर आंदोलन में हैं। सुनने वाला कोई नहीं है। संविदा कर्मियों के साथ भी धोखाधड़ी हो रही है।

           नेता प्रतिपक्ष टी. एस. सिंहदेव ने कहा कि कार्यक्रम में विलंब से पहुंचा। इसका दुख है। लेकिन क्या करूं रायपुर से बिलासपुर आने में 4-5 घंटे लग गये। रमन सिंह का विकास ही कुछ ऐसा है। सिंहदेव ने बताया कि पढ़ाई के बाद कृषि कार्यों में मैंने रूचि ली।  4-5 सालों में समझ में आ गया कि किसानों की हताशा की वजह क्या है।

                    किसानों के उत्साह को जगाना और उनकी मेहनत को सम्मानित करना सरकार का काम है। लेकिन भाजपा नेताओं ऐसा कुछ भी नहीं किया। कांग्रेस पार्टी के दबाव में मुख्यमंत्री ने विधानसभा पटल पर समर्थन मूल्य पर खामोश रहे। किसानों को 300 रूपए प्रति क्विंटल बोनस देने का वायदा किया था। विधानसभा की गरिमा को मुख्यमंत्री ने कलंकित करते हुए मात्र तीन सालों का ही बोनस दिया। बाकी बोनस कहां गया..शायद बताने की जरूरत नहीं है।

10 दिनों में कर्ज माफ

                                    सिंहदेव ने कहा कि राहुल गांधी के कोटमी वायदे के अनुसार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही दसवें दिन किसानों का कर्ज माफ कर दिया जायेगा। कांग्रेस सरकार फसल बीमा योजना को स्वैच्छिक बनाएगी। कोई भी किसानों को जबरन बीमा कराने के लिए बाध्य नहीं कर सकता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बीस हजार चार सौ करोड़ रू फसल बीमा के नाम पर कंपनियों ने ऊगाही की है। मात्र 27 प्रतिशत करीब पांच हजार पांच सौ करोड़ की राशि किसानों को दिया गया। बाकी रूपए कमीशनखोरों ने पचा लिया।

                        जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि किसान भाजपा के कुशासन में आत्महत्या जैसा जघन्य कदम उठा रहा है। सरकार त्यौहार मनाकर किसानों की र्दुदशा का मजाक उड़ा रही है। सरकार मुनाफाखोरों के लिए खाद, बीज, कीटनाशक को लेकर कृतिम संकट पैदा कर रही है। दुख होता है कि बिजली पैदा करने वाले राज्य में देश की सबसे महंगी बिजली दी जा रही है।

बेरोजगारों के घिस रहे जूते..नौकरी बाहरियों को

                          केशरवानी ने बताया कि सरकार ने वादा किया था कि किसानों से धान का एक एक दाना 2100 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब खरीदा जाएगा। तीन सौ रूपए बोनस दिया जाएगा। वाह रे सरकार…यदि किसी को यू टर्न सीखना है तो भाजपा नेताओं से सीखे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिलासपुर और कोटा के नौजवान रोजगार के लिए जूते घिस रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार बाहरी लोगों को रोजगार बांट रही है। ऐसे सरकार को अब रहने का अधिकार नहीं है।

 भय और भाजपा में चोली दामन का सम्बन्ध

                      किसानों को प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेष पांडेय ने भी संबोधित किया। उन्होने कहा कि भाजपा भय और शोषण की राजनीति कर रही है। सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले राजनीतिक दलों, किसान संगठनों, युवा संगठनों और अन्य सामाजिक संस्थानों को कानून का भय दिखाकर मुंह बंद किया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने फैसला किया है कि किसान के लिए यदि जेल भी जाना पड़े तो तैयार हैं। कोटा क्षेत्र अकालग्रस्त घोषित होने के बाद भी  किसानों को ना तो मुआवजा मिला और ना ही सरकार से किसी भी प्रकार राहत ही मिली। जिले के किसानों के साथ किए जा रहे सौतेले व्यवहार का बदला जनता जरूर लेगी।

                       प्रदेश प्रतिनिधि अरूण सिंह चैहान, नीरज जायसवाल, वादिर खान ने भी किसानों को संबोधित किया।

झण्डा,बैनर के साथ निकली रैली…बैलगाड़ी पर टीएस सवार

                           सभा के बाद कांग्रेसजनों ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली का नेतृत्व टीएस सिंहदवे ने किया। बैलगाड़ी पर बैठकर नेता तहसील कार्यालय पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष टी. एस. सिंहदेव, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी,शैलेश पाण्डेय समेत कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने तहसीलदार हेमलता डहरिया को राज्यपाल के नाम का ज्ञापन और किसानों क्लेम फाॅर्म तहसीलदार को भेंट किया। समस्याओं का निदान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।

                 तहसील कार्यालय घेराव कार्यक्रम में बिलासपुर शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर, आशीष सिंह ठाकुर, अमित तिवारी,अनिता लव्हात्रे, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष रामफल बिंझवार, प्रदेश कांग्रेस सचिव महेश दुबे, पंकज सिंह, अरूण त्रिवेदी, नेता प्रतिपक्ष शेख नजरूद्दीन, वरिष्ठ कांग्रेसी आनंद जायसवाल, अजय सिंह, जिला प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान, प्रमोद नायक,समेतसैकडों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

                     जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने बताया कि मस्तूरी तहसील घेराव प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पी.एल.पुनिया की अगुवाई में किया जाएगा।
close