डॉ. महंत की पहल पर हसदेव को बचाने उद्गम से संगम तक बड़ी मुहिम….पुनिया की मौजूदगी में हुई जनयात्रा की शुरूआत

Chief Editor
3 Min Read

बैंकुंठपुर (कोरिया)। छत्तीसगढ़ की जीवन दायनी हसदेव नदी के संरक्षण और जनजागरण के लिए हसदेव जनयात्रा की शुरूआत बुधवार को हुई। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान ,समिति के अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत की पहल पर शुरू हुई इस यात्रा का शुभारंभ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया , विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव ,उपनेता कवासी लखमा, विधायक जय सिंह अग्रवाल सहित बड़ी तादात में लोगों की मौजूदगी के बीच हुआ।

Join Our WhatsApp Group Join Now

हसदेव जनयात्रा की शुरूआत हसदेव नदी के उद्गम स्थल मेण्ड्रा से हुई और इसका समापन जाँजगीर- चाँपा जिले में हसदेव के संगम स्थल पर होगा।यात्रा के शुरूआत में उद्गम स्थल पर पूजा की गई औऱ हसदेव तट स्थित लोगों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। इस मौके पर पूर्व करेन्द्रीय मंत्री डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि हसदेव छत्तीसगढ़ की जीवन दायनी नदी है। इससे प्रदेश का बड़ा हिस्सा लाभान्वित होता है। इसके किनारे कई पावर प्लाँट बने हैं। जिससे देश के कई हिस्सों में ऊर्जा मिलती है। इस नदी पर ही बांगों बाँध बना हुआ है। जिसके सहारे किसानों का जीवनस्तर ऊपर हुआ है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम हसदेव के संरक्षण में अपनी हिस्सेदारी निभाएँ। जिससे आने वाली पीढ़ी को भी इसका लाभ मिल सके। इसे प्रदूषण से बचाना भी जरूरी है और इस दिशा में भी पहल जरूरी है कि इसका प्रवाह सतत् बना रहे। उन्होने बताया कि इसी सिलसिलें में जनजागरण के लिए यह जनयात्रा शुरू की गई है।

हसदेव के उद्गम से शुरू हुई यह जनयात्रा  10 दिन तक चलेगी और इसका समापन जाँजगीर – चाँपा जिले में स्थित हसदेव के संगम स्थल पर होगा। यह जनयात्रा 15 फरवरी को बैंकुठपुर और मनेन्द्रगढ़ इलाके के गाँवों में रहेगी। 16 फरवरी को चिरमिरी में बाइक रैली और जनसभाओँ का कार्यक्रम है।16 फरवरी को ही जनयात्रा कोरबा जिला पहुंच जाएगी , जहां पर कार्यक्रम होंगे। 17 और 18  फरवरी को तानाखार विधानसभा क्षेत्र के गाँवों में कार्यक्रम रखे गए हैं। 19 फरवरी को यह यात्रा कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में रहेगी और 20 फरवरी को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में कार्यक्रम रखा गया है। इसी तरह 21 फरवरी को कोरबा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में कार्यक्रम होंगे। 22 फरवरी को यात्रा जिला जाँजगीर – चाँपा के सक्ती विधानसभआ क्षेत्र हुंचेगी।23 फरवरी को जांजगीर -चाँपा  विधानसभा क्षेत्र के गांवों में कार्यक्रम है। फिर 24 फरवरी को केरा के बाद देवरी में इसका समापन होगा।

 

close