तखतपुर गेस्ट हाउस में डबल मर्डर..गंभीर रूप से घायल उमा की हालत नाजुक..परिजनों ने बताया दामाद को आरोपी..तलाश में पुलिस

BHASKAR MISHRA
6 Min Read

   बिलासपुर/तखतपुर—तखतपुर स्थित खपरी नर्मदा गांव के सरकारी रेस्ट हाउस में डबल मर्डर का आरोपी अभी भी फरार है। ह्त्या बीती रात हुई। गंभीर रूप से घायल तीसरे पीड़ित की हालत काफी नाजुक है। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज सिम्स में चल रहा है। घायल उमा को इमरजेंसी गाड़ी से सुबह भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि महिला को घायल करने वाला उसका पति ही है। जिसनें बीती रात महिला के माता पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                बीती रात तखतपुर के खपरी नर्मदा गांव स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में चौकीदार सियाराम धुरी और उसकी पत्नी शकुन धूरी की हत्या कर दी है। सियाराम की बेटी उमा धुरी पर भी जानलेवा हमला हुआ है। उमा इलाज इस समय सिम्स में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उमा की हालत काफी नाजुक है। जगह जगह कुल्हाड़ी से हमला के कारण गहरी चोट आयी है। खून चढ़ाने के साथ उसका इलाज गंभीरता से किया जा रहा है। हालत नाजुक होने के बाद भी उमा बोल बचन कर रही है।

                            जानकारी के अनुसार घायल महिला के पिता पीडब्लडी गेस्ट हाउस में चौकीदार का काम करता है। चौकीदार सियाराम और पत्नी शकून दोनों गेस्ट हाउस में ही रहते थे। सियाराम ने अपनी बेटी की शादी पास के ही गांव के अश्वनी धुरी से किया था। सियाराम मूल रूप से मुंगेली जिला के वीरगांव का रहने वाला है। लेकिन वह तखतपुर में ही लम्बे से समय रहता था। बीती रात हत्यारे ने सियाराम और शकून पर हमला कर जान से मार डाला। जबकि हमले में उमा की हालत नाजुक है। हत्या की घटना के समय उमा का ढाई साल का बेटा दूसरे कमरे में सो रहा था। फिलहाल नाबालिग बेटा सुरक्षित है। परिजनों ने बताया कि उमा का पति अश्वनी ने अपने सास श्वसुर को मौत के घाट उतारा है। और उमा को भी घायल किया है।

परिजनों ने बताया दामाद ने की हत्या

उमा के परिजन मामा सुरेश,दादी गायत्री और मौसी अनिता धुरी ने बताया कि उमा के माता पिता की हत्या और घायल होने की जानकारी सुबह चार बजे मिली। पुलिस ने बताया कि उमा ने इमरजेंसी काल कर वाहन को बुलाया था। बाद में उसे सिम्स में भर्ती किया गया। परिजनों के अनुसार उमा की शादी चार साल पहले कोरमी निवासी अश्वनी से हुई। शादी के कुछ दिनों बाद दामाद मारपीट करने लगा। बच्चा पेट में था दामाद ने घर से निकाल दिया। बाद में दोनों के बीच सामाजिक तलाक हो गया। उमा पिछले ढाई सालों से अपने माता पिता के साथ खपरी में रह रही थी।

गेस्ट हाउस में आकर करता था मारपीट

                 मामा सुरेश,दादी गायत्री और मौसी अनिता धुरी ने बताया कि सामाजिक तलाक के बाद उमा अपने माता पिता के साथ रहने लगी। इस बीच कानूनी तलाक का भी मामला चल रहा था। दामाद अश्वनी पिछले दो सालों से गेस्ट हाउस आकर नशे में सास श्वसुर और अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। घर ले जाने की बात कहता। मारपीट और जान लेवा हमले की शिकायत कई बार पुलिस थाने में भी हुई। लेकिन हर बार अश्वनी बच कर निकल जाता। पुलिस के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए परिजनों ने कहा कि यदि पुलिस ने समय पर दामाद अश्वनी का इलाज कर दिया होता तो आज यह स्थिति नहीं आती। परिजनों के अनुसार हम लोगों को घटना की जानकारी तखतपुर पुलिस से मिली। सुबह जानकारी मिलते ही हम लोग सिम्स पहुंच गए हैं। बेटी की हालत नाजुक है…उसने हम लोगों को सारी जानकारी दी है। फिलहाल मजिस्ट्रेट बयान अभी तक नहीं हुआ है।

ऊमा की हालत गंभीर

               सिम्स में इलाज कर रहे डाक्टरों ने बताया कि उमा धुरी की हालत काफी नाजुक है। गले में कुल्हाड़ी का तेज वार हुआ है। चेहरे पर भी गंभीर हमला हुआ है। पीठ और पेट में धारदार हथियार से हमला हुआ है। पैर और हाथ भी कटे हुए हैं। परिजनों और उमा की माने तो रात्रि साढ़े ग्यारह बजे घटना हुई है। दामाद अश्वनी ने कुल्हाड़ी से वार कर सास श्वसुर को घायल किया। इस बीच पत्नी उमा पर भी हमला किया। कुल्हाड़ी की वार से उमा मौके पर ही ढेर हो गयी। मरा समझ कर अश्वनी घटना स्थल से चला गया। इस बीच उमा ने अश्वनी से जान बचाकर गेस्ट हाउस के बाह झाड़ियों में छिप गयी। मोबाइल इमरजेंसी काल किया। करीब आधे एक घंटे बाद मौके पर गाड़ी पहुंची। सड़क पर पहुंचकर उमा ने हाथ दिखाया। इसके बाद वह गिर गयी। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंंची। पुलिस ने तत्काल घायल उमा को सिम्स के हवाले कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

परिजनों का पुलिस पर आरोप

                  परिजनों ने बताया कि पिछले दो साल में कई बार मारपीट की शिकायत उमा समेत सियाराम और शकून ने पुलिस से कही। लेकिन हर बार आरोपी बच निकलने में कामयाब रहा। हाल फिलहाल भी दामाद अश्वनी ने सियाराम और उसके परिवार के साथ मारपीट को अंजाम दिया। शिकायत के बाद भी अश्वनी पर कार्रवाई नहीं हुई। मौके पाते ही अश्वनी ने दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया। अब बेटी की हालत काफी नाजुक बनी हुई है।

close