बिलासपुर—जिला और शहर कांग्रेस के साथ पार्षद दल ने बृहस्पति बाजार सुलभ शौचालय तोड़े जाने का विरोध किया है। नाराज कांग्रेसियों को विकास भवन में प्रवेश करने से पहले रोक दिया गया। मुख्य दरवाजे पर कांग्रेसियों को देखते ही ताला जड़ दिया गया। इसके बाद शौलचालय तोड़े जाने का विरोध करने पहुंचे कांग्रेसियों ने जमकर नाराजगी जाहिर की। निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
बृहस्पति बाजार स्थित सुलभ शौचालय तोड़े जाने का कांग्रेसियों ने विरोध किया है। शौचालय तोड़े जाने के विरोध में निगम आयुक्त से शिकायत करने विकास भवन पहुंचे कांग्रेसियों को अन्दर नहीं घुसने दिया गया। मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया गया। ताला देखते ही कांग्रेसियों ने जमकर नाराजगी जाहिर की । ताला खुलवाने के लिए कांग्रेसियों ने निगम प्रशासन और आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेसियों की नारेबाजी के बाद इंजीनियर पी.के.पंचायती ने बाहर आकर मोर्चा संभाला। लेकिन कांग्रेसियो ने पंचायती को शिकायत पत्र देने से इंकार कर दिया। कांग्रेसियो ने ताला खोलने के साथ निगम आयुक्त से मिलने की मांग की। इसके बाद सभी कांग्रेसी विकास भवन स्थित बंद गेट के सामने धरने में बैठ गए। आयुक्त को ज्ञापन सौंपने पर अड़े रहे।
इस बीच इंजीनियर पी के पंचायती कांग्रेसियों को समझाते रहे कि बृहस्पति बाजार में शौचालय बन गया है। मात्र फिनिशिंग का कार्य रह गया है। इतना सुनते ही कांग्रेसियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मौके पर चलकर बताएं कि सुलभ शौचालय कहा हैं।
कांग्रेस पार्षद दल नेता शेख नजीरुद्दीन ,विजय पांडेय, एस पी चतुर्वेदी,प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पांडेय और शिवा मिश्रा ने कहा कि इंजीनियर पी के पंचायती गैरजिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। कांग्रेसियों के साथ आम जनता को भी गुमराह कर रहे हैं। पंचायती दुस्साहस वाला बयान किसके इशारे पर दे रहे है सबको खबर है।