दिल्ली में हिंसा अफवाह से अफरा-तफरी, पुलिस ने कहा-स्थिति शांतिपूर्ण

Shri Mi
2 Min Read

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कुछ दिनों तक हुई हिंसा के बाद अब रविवार शाम राजधानी के चार जिलों तथा उनके आस-पास के इलाकों में हिंसा की अफवाह उड़ने से लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई जिसके बाद दिल्ली पुलिस को स्पष्ट करना पड़ा कि स्थिति शांतिपूर्ण है।इस बीच हिंसा की अफवाहों को देखते हुए सुरक्षा कारणों से डीएमआरसी ने कुछ मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिए। हालांकि कुछ देर बाद सभी स्टेशनों को फिर से खोल दिया गया।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि हिंसा की खबर अफवाह है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह में न आने की अपील की है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, “ऐसा देखने में आया है कि कुछ अराजक तत्व ऐसी अफवाहे फैला रहे हैं जिससे शांति व्यवस्था में बाधा आए। लोगों को आगाह किया जाता है कि ना तो इन अफवाहों को फैलाएं और ना इन पर भरोसा न करें। पूरी दिल्ली में कानून व्यवस्था पूर्णत: नियंत्रण में है और स्थिति शांत है।”
दिल्ली के द्वारका, रोहिणी, पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी जिलों तथा इसके आसपास के इलाकों में हिंसा की अफवाहें उड़ाई गई।
पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी दीपक पुरोहित ने भी एक ट्वीट करते हुए लिखा, “अफवाह सबसे बड़ा दुश्मन है। एक अफवाह फैल रही है कि पश्चिमी दिल्ली के ख्याला-रघुबीर नगर में तनाव फैल गया है। लेकिन यह सच नहीं है। सभी लोगों से अनुरोध है कि वो शांत रहें, माहौल पूरी तरह शांत है।’’
डीएमआरसी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि तिलक नगर, नांगलोई, सुरजमल स्टेडियम, बदरपुर, तुगलकाबाद, उत्तम नगर पश्चिम और नवादा मेट्रो स्टेशन के प्रवेश ओर निकास द्वार बंद कर दिये गये हैं।
इसके 15 मिनट बाद ही डीएमआरसी ने एक अन्य ट्वीट किया, “सभी मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार खोल दिये गये हैं। सामान्य सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।”

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close