रायपुर— पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने जगदलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठी चार्ज की घोर निंदा की है। उन्होने कहा कि बस्तर क्षेत्र में प्रशासन मनमानी पर उतारू है। सरकार का नियंत्रण नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज से जाहिर हो गया है कि ..स्थानीय प्रशासन नक्सल समस्या पर रोक लगाने में असफल हो चुका है। खीझ छुपाने के लिये दहशत का माहौल तैयार कर रहा है। दहशत आम लोगों में कामय रहे इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर किया जा रहा है।
अजीत जोगी ने कहा कि जिस प्रकार से बस्तर में मानव अधिकारों का हनन हो रहा है उस स्थिति में बस्तर क्षेत्र के रहवासी दो पाटों के बीच पिस रहे हैं। शहर में पुलिस और जंगल में नक्सलियों का आतंक चरम पर है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।
जोगी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुये कहा कि वह कांग्रेसजनों की धैर्य की परीक्षा ना ले। बस्तर क्षेत्र में आतंकराज स्थापित कर जन सामान्य को भयभीत किया जा रहा है उस पर तत्काल रोंक लगायें। अन्यथा बस्तर का आदिवासी यदि अपने पर आ गया तो सरकार को संभालना मुश्किल हो जाएगा। जोगी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज करने वाले दोषी अधिकारियों के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की मांग की है।