नहीं खुलेंगे बैंकों के ताले…बैंकर संगठनों का फैसला…विशेष बैठक में अनिश्चित कालीन हड़ताल पर भी हुआ मंथन

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन ने एलान किया है कि 26 सितम्बर से बैंको के ताले नही खुलेंगे। सभी बैंक अधिकारी  अखिल भारतीय स्तर पर हड़ताल में रहेंगे। इस दौरान शासन की गलत नीतियों का विरोध किया जाएगा। बैंक मर्जर का विरोध समेत पेंशन अपडेशन और अन्य मांगो को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
                    ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन, छत्तीसगढ़ के सहायक महासचिव ललित अग्रवाल ने बताया कि रविवार को व्यापार विहार स्थित सभी बैंक संगठनों के साथ बैंकरों की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि मांगों को लेकर हड़ताल किया जाएगा। 26 सितम्बर से देश समेत प्रदेश के किसी भी बैंक के ताले नहीं खुलेंगे।
                      बैठक में देश के चारों बैंक अधिकारी संगठनों के महासचिवों आइबोक से सौम्या दत्ता, एआईबीओए से एस नागराजन, इनबोक से केके नायर और  नोबो से वीवी टिकेकर ने संयुक्त हस्ताक्षर कर आईबीए के चेयरमैन को पत्र भेजा है। बैंकरों ने पत्र में बताया है कि आगामी 25 सितम्बर की मध्यरात्रि से 27 सितम्बर की मध्यरात्रि तक अखिल भारतीय बैंक हड़ताल रहेगा।
                     आइबोक छत्तीसगढ़ के सहायक महासचिव ललित अग्रवाल ने बताया कि हड़ताल  को रोकने के लिए 19 सितम्बर को केंद्रीय श्रमायुक्त की मध्यस्थता की बैठक हुई। लेकिन बैठक से किसी प्रकार का सकारात्मक निर्णय नहीं आया। इस दौरान बैंकिंग क्षेत्र में व्यापक विलय और एकीकरण के विरोध में प्रमुखता के साथ प्रतिनिधिमण्डल ने बातों को रखा। 1 नवम्बर 2017 से देय 11वे द्विपक्षीय वेतन समझौते को शीघ्र दिए जाने के साथ ही 5 दिनों का सप्ताह और नगदी लेन देन के समय मे कटौती की बातों को भी रखा। पेंशन अपडेशन और सेवानिवृत्त बैंकर्स के चिकित्सा बीमा प्रीमियम में कमी, पर्याप्त नई भर्ती, एनपीएस के बजाय परिभाषित पेंशन पेमेंट, सम्माननीय ग्राहकों से वसूले जाने वाले सर्विस चार्जेस में कमी करने और बैंक अधिकारियों के उत्पीड़न को रोकने की प्रमुख मांगों को रखा गया।
                                  ललित ने जानकारी दी कि हड़ताल को ध्यान में रखते हुए व्यापार विहार स्थित एसबीआई बैंक अधिकारी संघ कार्यालय में संगठन पदाधिकारियों ने रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 सितम्बर 2019 गुरुवार को सुबह 10.30 बजे सभी बैंको के अधिकारी स्टेट बैंक, मुख्य शाखा, गंगाश्री टॉकीज परिसर के सामने एकत्रित होंगे। इस दौरान नारेबाजी, विरोध प्रदर्शन किया जाेगा। आम सभा  के बाद मानव श्रंखला बनाकर अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का शुभारंभ  किया जाएगा।
            बैठक में स्टेट बैंक अधिकारी संगठन अध्यक्ष आरके शर्मा, उपमहासचिव डी के हाटी, क्षेत्रीय सचिव और आइबोक के जिला सचिव एस बी सिंह,  इलाहाबाद बैंक से सोनालिका मिश्रा, बैंक ऑफ इंडिया से आशीष शर्मा, स्वाति बाली, आंनद कुमार, रीता रंजन, श्रवण मिश्रा, अरविंद विश्वास, राजेन्द्र साहू, आमत कुमार सहित बड़ी संख्या में विभिन्न बैंको के सक्रिय सदस्यो ने अपनी बातों गम्भीरता के साथ पेश किया।  विचार विमर्श के बाद विरोध प्रदर्शन को अंतिम रूप दिया गया।
                संगठन उपमहासचिव डी के हाटी, क्षेत्रीय सचिव और आइबोक जिला सचिव एस बी सिंह ने बताया कि यदि हड़ताल के बाद भी यदि मांगों को गंभीरता से  नही लिया गया तो नवम्बर 2019 के दूसरे पखवाड़े से बैंकर्स अनिश्चित कालीन बैंक हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
close