बिलासपुर—- भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं की अगुवाई में आज सभी 70 पार्षद प्रत्याशियों की रैली निकली। रैली युवा सदन से होकर गांधी चौक, हटरी चौक, करोना चौक गोलबाजार, सदरबाजार हो कर नेहरू चौक पहुंचकर खत्म हुई। रैली में पूर्व मंत्री और प्रदेश भाजपा नगरीय निकाय चुनाव प्रभारी अमर अग्रवाल, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक,बिलासपुर जिला अध्यक्ष समेत भाजपा के बड़े चेहरे शामिल हुए।
नगर निगम विस्तार और स्मार्ट सिटी घोषणा के बाद बिलासपुर नगर निगम का पहला चुनाव होगा। 21 दिसम्बर को मतदाता अपने मतों का उपयोग करेंगे। पहली बार होगा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं होगी। और नगरीय निकाय का चुनाव होगा।
एक दिन पहले टिकट घोषणा के बाद भाजपा के सभी 70 प्रत्याशी और अपने दिग्गज नेताओं की अगुवाई में रैली निकालकर नामांकन दाखिल करने जिला कार्यालय पहुंचे। यद्यपि रैली नेहरू चौक में खत्म हुई। इसके पहले रैली को बीच में ही छोड़कर कई भाजपा प्रत्याशी कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इस बीच कई प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने से चूक गए। अब 6 दिसम्बर यानि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख को नामांकन दाखिल करेंगे. बताते चलें की कमोबेश दोनों दलों से ज्यादातर नेताओं ने पहले ही नामाकन दाखिल कर चुके हैं। अब 9 दिसम्बर के पहले अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में अपना नामांकन वापस लेंगे।
रैली के समापन पर दिग्गज भाजपा नेताओं ने कारवां में शामिल कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को संबोधित किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर निशाना भी साधा। संबोधन में नेताओं ने कहा कि जनता प्रदेश सरकार को सबक सिखाने को तैयार है। हमें जनता के पास तक पहुंचना है। सरकार की करनी और कथनी की जानकारी देना है। बिलासपुर नगर निगम चुनाव के परिणाम के बाद प्रदेश सरकार को समझ में आएगा कि जनता अब क्या निर्णय लेने वाली है। नेताओं के संबोधन के बाद रैली का समापन हुआ। इस दौरान जमकर भीड़ देखने को मिली।