निगम का अतिक्रमण अभियान…नर्सिंग होम कैंटीन पर हुई कार्रवाई

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

IMG-20170531-WA0006बिलासपुर—मिट्टी तेल हॉकर गली में निगम अतिक्रमण दस्ते ने लोगों के आरोपों को खारिज करते हुए आज रसूखदारों के आशियाने पर जेसीबी चलाया है। लोगों का आरोप था कि निगम प्रशासन केवल गरीबों को ही निशाना बना रहा है। बड़े लोगों के घरों को बचाया जा रहा है। आरोपों को झुठलाते हुए निगम का अतिक्रमण दस्ते ने आज कई तथाकथित रसूखदारों के घरों को निशाना बनाया। संजीवनी नर्सिंग होम के कैंटीन को भी तो़ड़ दिया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                  मालूम हो कि निगम प्रशासन ने वन विभाग से बलराम टाकीज के सामने मुख्य सड़क से जोड़ती मिट्टी तेल हाकर गली को चौडा करने का फैसला किया है। गली को शहर में मिट्टी तेल हॉकर गली के नाम से भी जाना जाता है। निगम के अनुसार सड़क को अस्सी फिट चौ़ड़ा किया जाएगा। सड़क बन जाने से शहर का यातायात दबाव कम हो जाएगा।

                  अतिक्रमण हटाओ अभियान के पहले दिन कांग्रेसियों ने निगम कार्रवाई का विरोध किया। दूसरे दिन कांग्रेसियों ने विरोध का कदम पीछे खींच लिया। निगम प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण कार्रवाई के महीने भर पहले लोगों को हटने का नोटिस दिया गया था। स्थानीय लोगों ने स्वेच्छा से मकान छोड़ने का फैसला किया। चूंकी जमीन सरकारी है…लोग लम्बे समय से काबिज हैं। इसलिए विस्थापित 135 परिवारों को मिनोचा कालोनी और उस्लापुर में घर आवंटित किया गया है।

                                           अतिक्रमण अभियान के दूसरे दिन सौमिल रंजन ने बताया कि गली के दोनों तरफ अवैध रूप से बने मकानों को तोड़ा जाएगा। कार्रवाई चेहरा देखकर नहीं की जाएगी। इसी क्रम में आज निगम अतिक्रमण दस्ते ने बड़े मकानों को निशाना बनाया। लोग अपने टूटते आशियाने को देखते रह गये। कुछ लोगों ने विरोध किया। निगम प्रशासन ने दावा के समर्थन में दस्तावेज दिखाने को कहा। कुछ लोगों के दावे झूठे पाए गए तो कुछ लोगों के दस्तावेजों का मुआयना किया जा रहा है।

नर्सिंग होम को भी बनाया निशाना

                निगम प्रशासन ने आज संजीवनी नर्सिंग होम के कैंटिन को तोड़ दिया। अभियंता पी.के.पंचायती ने बताया कि नापजोख के बाद यदि नर्सिंग होम का कैंटीन अतिक्रमण में है तो दीवारों को भी तोड़ा जाएगा। संजीवनी नर्सिंग होम का दावा है कि कैंटीन नम्बरी जमीन पर है। पंचायती के अनुसार रोड बन जाने से रायपुर रोड से लेकर मंगला मुंगेली नाका चौक से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। कलेक्ट्रेट मुख्य मार्ग  में वाहनों का दबाव कम हो जाएगा।

close