पकड़ में आया खाद्य विभाग का फर्जी नोडल अधिकारी…पांच महीनों से था फरार…संचालिका से लिया था हजारों रूपए

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर— खाद्य वितरण केन्द्र संचालिका से भयादोहन कर 20 हजार रूपए लेने वाले फर्जी नोडल अधिकारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज होने के महीनों बाद आरोपी को पकड़कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी को आईजी दीपांशु काबरा के निर्देश पर साइबर सेल के प्रयास से कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम राजकुमार दुबे है।

                      पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर 2017 को मदनपुर निवासी ललिता कंवर ने करतला थाना कोरबा में फर्जी नोडल खाद्य अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत पेश की। ललिता कंवर ने शिकायत में बताया कि वह महिला स्व सहायता समूह की संचालिका है। 27 अक्टूबर 2017 को करीब 11 बजे खुद को नोडल खाद्य अधिकारी बताने वाले राजकुमार दुबे राशन दुकान पहुंचे। उन्होने कहा कि राशन दुकान में उल्टा सीधा किया जा रहा है। सबको जेल भेजुंगा। इसके बाद उन्होने धमकी देकर 20 हजार रूपए लिए।

                       पुलिस ने ललिता कवर की शिकायत पर  आईपीसी की धारा 3320,384,34 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद फरार आरोपी की जानकारी साइबर सेल को एक दिन पहले मिली। मुखबिर की सूचना पर कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हाइसिंग बोर्ड कालोनी खरमोरा जिला कोरबा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी राजकुमार के खिलाफ थाना श्यांग में भी भयादोहन का मामला दर्ज है।

                  आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। महत्वपूर्ण कार्रवाई के लिए आईजी दीपांशु काबरा,कोरबा पुलिस कप्तान मयंक श्रीवास्तव ने जवानों को बधाई दी है।

close