परंपरागत तरीके से मनाया गया हरेली पर्व,संसदीय सचिव शकुंतला साहू ने कहा-गोधन योजना बनेगी ग्रामीण अर्थव्यव्था की रीढ़

BHASKAR MISHRA
5 Min Read
बिलासपुर—-जिले के कोटा विकासखंड के ग्राम शिवतराई स्थित  गौठान में जिला स्तरीय हरेली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संसदीय सचिव शकुंतला साहू की मौजूदगी में शासन की महत्वाकांक्षी योजना की शुरूआत करते हुए गौठान के स्व-सहायता समूह ने ग्रामीणों से 100 किलो से अधिक गोबर भी खरीदा ।कोटा विकासखण्ड के शिवतराई स्थित गौठान में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी गोधन योजना की जिला स्तर पर शुरूआत हुई। इस दौरान परंपरागत तरीके से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संसदीय सचिव संसदीय कार्य, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, पशुपालन विकास, मछली पालन, जल संसाधन एवं आयाकट शकुंतला साहू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थी।
 
गोधन योजना..ग्रामीण आर्थिक विकास की रीढ़
 
            संसदीय सचिव शकुंतला साहू ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होने  कहा कि गोधन न्याय योजना गांवों के लिये आर्थिक विकास में रीढ़ की हड्डी साबित होने वाली है। योजना से ग्रामीणों को निश्चित आय होगी। गांवों में घुरूवा प्रथा भी खत्म होगा। गांव साफ-सुथरा भी रहेगा।
 
             सुश्री साहू ने कहा कि पहले हमारे गांवों में गायों की पूजा होती थी। लेकिन आज उन्हें सड़क पर खुला छोड़ दिया जाता है। गाय दुर्घटना की शिकार होती हैं।  सुरक्षा और देखभाल करने वाला कोई नहीं होता है। इसलिये छत्तीसगढ़ सरकार ने गौठान बनाकर मवेशियों को सुरक्षा देने का फैसला किया है।
 
सुख समृद्धि का त्योहार
 
                            अपने भाषण में शकुंतला साहू ने कहा कि हरेली हमारे प्रदेश का पहला त्योहार है। यही से सुख समृद्धि का दरवाजा खुलता है। हमारे मख्यमंत्री ने प्रत्येक पंचायत में गौठान के लिए 40 हजार रूपए खाता में डाला है। साथ ही दस करोड़ पचास लाख से अधिक रूपये गौठान निर्माण के लिए एलान किया है। हमारे प्रदेश समृद्ध बने..सांस्कृति विकास के साथ ही आर्थिक विकास भी हो इसलिए मुख्यमंत्री ने गौधन योजना प्रारम्भ किया है।
     
 
        कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर विधायक शैलेष पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा को पुनस्र्थापित करने का कार्य किया है। गौठान निर्माण के बाद अब गोधन न्याय योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। लोगों की जरूरतें गाय सेवा से पूरी होगी। हमारी संस्कृति का भी संरक्षण होगा और आर्थिक विकास होगा। 
      
                       कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  अरूण सिंह चौहान, पूर्व विधायक चुन्नी साहू,  विजय केशरवानी ने भी संबोधित किया। 
 
हर्षोल्लास से मनाया गया हरेली पर्व
 
          शिवतराई गौठान में हरेली त्यौहार उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के चलते स्थानीय लोगों में हरेली त्यौहार का उत्साह जमकर देखने को मिला। गांव में हो रही बारिश ने किसानों, बच्चों और महिलाओं के उत्साह को कई गुना कर दिया। गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों में गोबर खरीदी स्व-सहायता समूह ने किया। गौठान में ग्रामीणों ने गोबर को तौलकर बेचा। साथ मौके पर ही भुगतान भी किया गया। 
 
 गेड़ीं और मुर्गी दौड़ प्रतियोगिता
 
             इस अवसर पर गौठान में ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फुगड़ी, गेंड़ी दौड़, तीरंदाजी और मुर्गी दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों के साथ महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। लोगों ने प्रतियोगिता का जमकर आनन्द उठाया। प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार का वितरण किया गया।
 
सवा लाख से अधिक आय
 
                  पशुपालन विभाग ने पशुओं की स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिये शिविर लगाया गया। कृषि विभाग ने गौठान में उत्पादित वर्मी कम्पोस्ट खाद का प्रदर्शन किया। महामाया महिला स्व-सहायता समूह ने गौठान में तैयार 123 किलो वर्मी कम्पोस्ट खाद का विक्रय किया। खाद बेचने से समूह को 1 लाख 7 हजार रूपये से अधिक आय हुआ।
 
पारंपरिक व्यंजन ने बढ़ाई भूख
 
          स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने स्व निर्मित ठेठरी, खुरमी, बरा, चीला आदि पारंपरिक व्यंजनों का भी प्रदर्शन किया। इस दौरान पारंपरिक व्यंजनों की खुश्बू त्यौहार की खुशी को दुगुना कर रही थी। इस अवसर को यादगार बनाने अतिथियों ने गौठान में फलदार पौधों का रोपण भी किया। गौठान में हो रहे हरेली पूजा में भी अतिथियों ने भाग लिया।
 
अधिकारी और ग्रामीण मौजूद
      कार्यक्रम में कलेक्टर डाॅ.सारांश मित्तर, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम कोटा, आनंदरूप तिवारी, अटल श्रीवास्तव, विजय केशरवानी, प्रमोद नायक और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण, किसान, महिलाओं के साथ बच्चे विशेष रूप से मौजूद थे।
close