अटल को पिछड़ा वर्ग और अधिवक्ताओं का समर्थन..किया पादुका पूजन और जूलूस का स्वागत..संतों को बताया शिरोमणी

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने शनिवार को व्यस्ततम कार्यक्रमों के बीच धार्मिक आयोजनों में भाग लिया। महामण्डलेश्वर की पादुका पूजन के साथ ही चेट्रीचंड महोत्सव, हिन्दू नव वर्ष रैली का स्वागत किया। जिला न्यायालय में अधिवक्ताओं से जनसंपर्क के बाद पिछड़ा वर्ग महासंघ और गुजराती समाज की बैठक में हिस्सा लिया। अटल श्रीवास्तव ने तालापारा में सघन जनसंपर्क कर समर्थन भी मांगा।
                         आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक पारा दिनों दिन परवान चढ़ रहा है। कांग्रेस भाजपा दोनों दलों के प्रत्याशी और पदाधिकारियों ने चुनाव प्रचार में खुद को झोंक दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव की राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में जमकर उपस्थिति देखने को मिल रही है।
                  चैत्र नवरात्रि के पहले दिन अटल श्रीवास्तवन ने सुबह विशेष पूजा अराधना के बाद दोपहर को निज निवास में महामण्डलेश्वर की पादुका पूजन किया। अटल ने हिन्दू नव वर्ष की रैली के साथ सिन्धी समाज के चेट्री चंड महोत्सव जुलूस का स्वागत कर श्रद्धा और आस्था प्रकट की। अटल ने जुलूस में शामिल समाज के प्रमुखों का पुष्पहार और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
                    अटल श्रीवास्तव ने पिछड़ा वर्ग महासंघ की बैठक में शिरकत किया। महासंघ के पदाधिकारियों ने कांग्रेस को समर्थन देने का एलान किया। महासंघ के पदाधिकारी बृजेश साहू, कृष्ण कुुमार यादव, रामाधार कश्यप,  रामशरण यादव, एस. एल. रात्रे, सुरेश दिवाकर ने कहा कि सामाजिक मामलों में धर्म गुरूओं और संतों का हमेशा से आदर है। हम उनका सम्मान करते हैं। लेकिन उनका कभी राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग नहीं करते। पिछड़ा और दलित वर्ग मजदूर किसान प्रधान समाज के उत्थान में कांग्रेस ने जो भी काम किया अपने आप में ऐतिहासिक हैं। कांग्रेस की भूपेश सरकार ने 60 दिनों में जो कर दिखाया..निश्चित रूप से राजनीति के इतिहास में नजीर है। पिछड़ा वर्ग महासंघ के सभी सदस्यों ने एक सुर में कांग्रेस प्रत्याशी अटल को जिताने का संकल्प लिया।
                       गुजराती समाज ने भी कांग्रेस उम्मीदवार अटल श्रीवास्तव को योग्य, शिक्षित और कुशल नेता बताकर समर्थन जाहिर किया।  गुजराती समाज की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी समाज प्रमुखों ने संकल्प लेते हुए कहा कि सभी वर्गों का ध्यान रखने वाली देश की एक मात्र पार्टी कांग्रेस है।  हम सब लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए कांग्रेस का हाथ मजबूत करेंगे।
                     अटल श्रीवास्तव जिला न्यायालय में  अधिवक्ताओं के बीच पहुंचे। उन्होने अधिवक्ताओं की बैठक व्यवस्था को अपर्याप्त बताया। साथ ही चुनाव जीतने के बाद समुचित बैठक व्यवस्था का आश्वाशन भी दिया। अटल ने कहा कि अधिवक्ताओं के कल्याण को लेकर यथासंभव प्रयास करेंगे। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुरेश  गौतम, प्रदीप राजगीर, अजीत सिंह, हेमंत दिग्रस्कर, दल्लू सिंह ठाकुर, आदि  अधिवक्ताओं के साथ कांग्रेस प्रत्याशी अटल ने सभी अधिवक्ताओं से सौजन्य भेंट कर समर्थन मांगा।
         शनिवार को जनसंपर्क के अंतिम दौर में कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव ने देर शाम तालापारा के नागरिकों से सघन जनसंपर्क किया। निगम  नेता प्रतिपक्ष शेख नजरूद्दीन, पार्षद रामा बघेल समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने अटल को अपनों के बीच पाकर खुशी जाहिर की।
close