पीसीसी अध्यक्ष के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की वार्ता,विजय और प्रमोद का रमन के साथ केंद्र पर निशाना,कहा-धान खरीदे अन्यथा करेंगे उग्र आंदोलन

Shri Mi
9 Min Read

बिलासपुर।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी और जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद नायक ने संयुक्त रुप से  पत्रकारों को संबोधित किया।  पत्र वार्ता के दौरान  विजय केशरवानी और प्रमोद नायक ने  केंद्र सरकार पर  राज्य सरकार को  प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।  दोनों नेताओं ने कहा कि  भारतीय जनता पार्टी के नेता  और भारत की सरकार  किसान विरोधी है।  यही कारण है कि  मात्र झूठी शिकायत  पर  पूर्व में दिए गए 60 लाख मैट्रिक टन चावल  खरीदी को घटाकर  24 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है  ।

Join Our WhatsApp Group Join Now

विजय केशरवानी ने कहा कि  राज्य  भारतीय जनता पार्टी के  नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह  नहीं चाहते कि  भूपेश सरकार किसानों के हित में  काम करें। विजय और प्रमोद नायक ने कहा कि  मोदी सरकार  के तीन काले कानून के खिलाफ देश के किसान  आक्रोशित है।  छत्तीसगढ़ में  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार  किसानों का धान समर्थन मूल्य खरीद रही है।  किसानों से अभी तक प्रदेश सरकार ने 54 लाख मैट्रिक टन धान खरीदा है।  ऐसे में  किसान विरोधी  भाजपा नेता और केंद्र सरकार  देश की जनता का ध्यान भटकाने  तीन काले कानूनों को लेकर आई है। केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीति और चरित्र से छत्तीसगढ़ के किसान अच्छी तरीके से वाकिफ हो चुके हैं।  इसलिए  प्रदेश में अब भारतीय जनता पार्टी नेताओं की दाल नहीं गलने वाली है  ।

     प्रमोद नायक ने कहा कि  धान खरीदी को लेकर  भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार झूठ बोल रहे हैं। ऐसा लगता है कि  2018 विधानसभा चुनाव हारने के बाद  भाजपा नेताओं की याददाश्त गायब हो चुकी है।  कांग्रेस सरकार ने किसानों और धान का सम्मान किया है।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों का धान घोषित समर्थन मूल्य में खरीदा है।  बावजूद इसके  डॉ रमन सिंह और  प्रदेश के  भाजपा सांसदों की शिकायत को  सच मानते हुए मोदी सरकार ने  सेंट्रल पूल में चावल खरीदी का कोटा घटा दिया है ।

प्रमोद नायक ने बताया कि  चुनाव से पहले केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने  ऐलान किया था कि  स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिश लागू करेंगे।  2022 तक किसानों की आय दोगुनी करेंगे।  अभी तक ना तो स्वामीनाथन कमेटी को लागू किया गया  और ना ही 2022 तक किसानों की आय को दुगुनी करने का प्रयास ही दिखाई दे रहा है।  रमन सिंह ने 21 सौ रुपए समर्थन मूल्य और ₹300 बोनस का झूठा वादा किया था।  लेकिन सब झूठ साबित हुआ। जबकि भूपेश ने  सरकार बनते ही  मात्र 10 दिनों के अंदर  ना केवल किसानों के कर्ज को माफ किया।  बल्कि बिजली बिल भी हाफ किया ।  दरअसल  भाजपा नेता किसान हितैषी बनने का नाटक करते हैं।घड़ियाली आंसू बहाते हैं।  लेकिन  पता होना चाहिए कि जनता नाटक करने और घड़ियाली आंसू बहाने वालों को अच्छी तरीके से जानती है। प्रदेश की जनता और किसान  भूपेश सरकार से काफी खुश है।  ना केवल  समर्थ  समर्थन मूल्य पर  धान की बिक्री की जा रही है बल्कि  किसानों को  राजीव गांधी योजना के तहत  धान मक्का गन्ना उत्पादकों के  हितों को ध्यान में रखते हुए 10000 प्रोत्साहन राशि भी दे रही है ।

   पत्रकारों को विजय केशरवानी ने बताया कि  राज्य बनने के 15 साल तक  भारतीय जनता पार्टी सरकार ने केवल  धोखाधड़ी किया है । धान खरीदने के लिए  चबूतरा गोदाम का निर्माण तक नहीं किया। एक-एक दाना धान खरीदने की बात रमन सिंह ने की थी।  बावजूद इसके  ना तो समर्थन मूल्य दिया।  और ना ही बोनस।  एक एक गाना धान खरीदने की बात तो बहुत दूर की है।  रमन सिंह ने अपने कार्यकाल में किसानों के लिए बनवाए गए जलाशय का पानी भी उद्योगपतियों को बेच दिया।  किसानों के बेहतर कल के लिए  अनाज को सुरक्षित रखने उपाय नहीं किया । 

यदि रमन सिंह ने वादा पूरा किया होता तो आज छत्तीसगढ़ के 20 लाख किसान कर्ज में नहीं दबे होते । सैकड़ों ने आत्महत्या नहीं की होती ।   दरअसल  रमन की भाजपा सरकार 15 सालों तक  कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। विजय केशरवानी ने बताया कि  पिछले 15 दिनों से  भाजपा के सोए हुए नेता अब जाग गए हैं । अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं । किसानों के धान खरीदने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं ।राज्य की  भाजपा नेताओं की टीम के इशारे पर  केंद्र सरकार ने  चावल  पूल में कटौती कर दी है। अब  केंद्र ने  छत्तीसगढ़ से 60 लाख मैट्रिक टन चावल लेने के  वजह 24 लाख मैट्रिक टन चावल खरीदने की बात कह रही है।  इससे जाहिर होता है  भाजपा की  केंद्र सरकार किसानों की विरोधी है।

  विजय ने बताया  भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी  डी पुरंदेश्वरी  गलत बयान बाजी कर किसानों को धोखे में रख रही है । उन्हें बताना चाहिए कि धान खरीदी के लिए केंद्र ने कब 9000 करोड़ रुपए दिए। भाजपा के सह प्रभारी नितिन  भी गलत बयानबाजी से बाज नहीं आ रहे हैं । विजय ने कहा  राजीव गांधी किसान या योजना किसानों के सहायता के लिए है । ना कि धान का बोनस दिया जा रहा है  ।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और 9 सांसद केंद्र सरकार को गुमराह किया है। भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार को जानकारी दी है कि राज्य सरकार ढाई हजार समर्थन मूल्य धान का दिया जा रहा है। जब केंद्र सरकार भारत के किसानों को प्रतिवर्ष 6000 सम्मान निधि के रूप में देती है । और यह योजना गलत नहीं है। ऐसी स्थिति  में राज्य सरकार की राजीव गांधी न्याय योजना को गलत कहा जाना तर्कसंगत नही है ।

          जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष ने बताया राज सरकार एफसीआई से चावल जमा करने का निवेदन करती है। चावल का उठाव नहीं होने के कारण धान का भी उठाव नहीं हो रहा है। जिसके चलते किसान परेशान और बेहाल है ।पत्र वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि मात्र 2 साल के अंदर भूपेश सरकार ने कृषि को लाभ का क्षेत्र बना दिया है। धान उत्पादन में ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है ।रकबा भी बढ़ा है। चालू वर्ष में 21 लाख 50 हजार किसान पंजीकृत हुए हैं ।

90 लाख मैट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी होगी। जबकि पूर्व की रमन सरकार ने 15 साल में पचासी लाख मैट्रिक टन से अधिक नहीं खरीदा है। केशरवानी ने कहा यदि भाजपा प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी को छत्तीसगढ़ के किसानों की चिंता है तो सभी नौ सांसदों राज्यसभा सदस्य और 14 विधायकों के साथ दिल्ली जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताएं की छत्तीसगढ़ के किसान खुशहाल है। धान की पैदावार ऐतिहासिक है।छत्तीसगढ़ के किसानों से प्रति एकड़ 25 क्विंटल धान की खरीदी की जाए।

            विजय ने कहा यदि केंद्र सरकार किसानों का हित चाहती हो तो स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों को लागू करे। रासायनिक खादों की सस्ते दाम में किसानों को उपलब्ध कराने सुनिश्चित करे। अन्यथा कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close