पुनिया पर बीजेपी प्रभारी डॉ अनिल जैन का निशाना: कोच को ही पता नही कप्तान कौन है

Shri Mi
3 Min Read

रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पी.एल.पुनिया को पता ही नही कि उनकी टीम का कप्तान कौन है और खुद ही दावा करते है कि वो बेहतर कोच है। प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने कहा कि विकास यात्रा विकास की झलक दिखाने वाली यात्रा है तो कांग्रेस का संकल्प यात्रा तो केवल दिखावा है। कांग्रेस का संकल्प से कोई लेना-देना नही है। देश की आजादी के बाद से ही कांग्रेस संकल्प भाव के साथ राष्ट्र के विकास को प्राथमिकता देती तो हम कब के महाशक्ति राष्ट्र बन जाते।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति को नवगति मिल रही है। हम वैश्विक स्तर में लगातार मजबूत होते जा रहे है। पूरी दुनियां हमारी लोहा मान रही है। हम स्टील उत्पादन के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहे हैं। पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को मजबूती से स्वीकार रहा है। ऐसे में कांग्रेस का आला नेतृत्व केवल दिखावे के सियासत में फंसकर रह गया है।

उन्होंने कहा कि विकास खोजने की जरूरत नही होती है विकास क्या वो आम जनमानस के समझ में है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य की सरकार किसानों को समर्पित सरकार है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना, कृषि बीमा योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, कृषि के लिए मूल्य नीति, सहित प्रदेश सरकार ने ब्याज मुक्त किसान ऋण योजना लेकर आई है ऐसे कई योजनाएं किसानों के हित में जो हमारी सरकार ने शुरू की है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कांग्रेस का शासन कालायुग की तरह रहा है।

राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब उन्नति के छत्तीसगढ़ के राह पर है। हम समग्र विकास के बुनियादी मुद्दों के साथ जनता के द्वार पर है। हमें जनता चौथी बार आशीर्वाद देने जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में हमारा संगठानिक और मजबूत हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्ग दर्शन में छत्तीसगढ़ की संगठानिक ईकाई मजबूती के साथ मिशन 65 के लिए मैदान पर उतर चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब बेबुनियाद सवाल करने वाली संस्था बन गई है। जिसका जवाब जनता समय-समय पर देती है।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close