पुलिस का सख्त पहरा..घरों में दुबके लोग..शहर में दिन भर पसरा सन्नाटा

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर— लाकडाउन के दूसरा दिन पहले दिन के तुलना में ज्यादा सफल रहा। पुलिस की सख्त परहरेदारी के चलते लोग जरूरी काम के अलावा घर से बाहर नहीं निकले। इस दौरान घर से बाहर निकलने वालों को पुलिस की कड़ी पूछताछ का सामना करना पड़ा। 

Join Our WhatsApp Group Join Now

                 कम्यूनिटी में प्रवेश के पहले कोरोना चैन को तोड़ने निगम क्षेत्र समेत बिल्हा, बोदरी नगर पंचायत में व्यापक स्तर पर जिला प्रशासन ने कन्टेनमेन्ट जोन का एलान किया है। इस दौरान सभी कार्यालयों के कामकाज को बन्द कर परिवहन पर भी नियंत्रण किया गया है।

             शुक्रवार को लॉक डाउन के दूसरे दिन दोपहर 12 बजे के बाद शहर में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। चौक चौराहों पर इक्का दुक्का आने जाने वालों के अलावा पुलिस के जवान खासा मुस्तैद नजर आए। लोग सुबह 12 बजे तक जरूरी काम निपटा कर अपने घरों में दुबके रहे। सरकारी कार्यालयों में दिन भर उदासी छाई रही।

                              इस दौरान लाकडाउन को सफल बनाने प्रशासन और पुलिस के आलाधिकारी समेत विधायक शैलेष पांडेय घूम घूम कर लोगों से बिना जरूरत बाहर नहीं आने की नसीहत देते नजर आए। साथ ही पुलिस के जवान बीच बीच में गुजरने वाले चार पहिया वाहनों के कागजात खंगालते रहे। इसके अलावा दुबारा बिना जरूरत नहीं दिखाई देने की नसीहत भी देते रहे।

                 बताते चलें कि जिला प्रशासन ने 31 जुलाई तक लाक डाउन का एलान किया है। लाकडाउन के पहले दिन पुलिस जवानों के अलावा आई जी एसपी कलेक्टर विधायक सभी सड़को पर निकल लोगो को समझाइश देते नजर आए थे।

                 यद्यपि लॉक डाउन के दूसरे दिन पुलिस की सख्ती बहुत ज्यादा नजर तो नहीं आयी। लेकिन चौक चौराहों पर तैनात पुलिस और ट्रैफिक के जवान आने जाने वालों से पूछताछ करते जरूर नजर आए। लेकिन ज्यादातर समय सड़कें बीरान नजर आयीं।

close