बिलासपुर—भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली के निधन पर भाजपा कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री के सम्मान में दो मिनट का मौन रख कर विनम्र श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि देश ने एक महान नेता खो दिया है। जिसकी पूर्ति संभव नही है।
सांसद अरूण साव ने कहा कि जेटली ने अपना पूरा जीवन देश हित में लगाया पार्टी संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। कानून विद के रूप में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त की। उनके निधन से हमने अपना मार्गदर्शक खो दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि छात्र संघ अध्यक्ष से लेकर विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी के साथ ही केन्द्रीय वित्त मंत्री के पद पर रह कर पार्टी और देश की सेवा में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। जीएसटी के माध्यम से देश की अर्थ व्यवस्था में क्रांतिकारी कदम उठाया। पार्टी को हमेशा आगे बढ़ाने में सक्रिय रहे। जेटली सहज और सरल व्यक्तित्व के धनी थे।
पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि सांसद रहते हुए उनका अनेक बार सानिध्य प्राप्त हुआ। लोकसभा में उनका भाषण हम ध्यान से सुनते थे। हमें राजनीतिक जीवन में उनके उद्बोधन से कार्य करने की शिक्षा मिलती थी। बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि अरूण जेटली कानून के अच्छे ज्ञाता थे। वित्त मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मोदी सरकार में 9 नवम्बर 2016 को नोटबंदी के रूप में बहुत बड़ा कदम उठाया। भ्रष्टाचार, काले धन, नकली मुद्रा और आतंकवाद पर अंकुश लगाने के इरादे से उठाया गया मजबूत कदम साबित हुआ। जेटली जी के कार्यो को भूलाया नही जा सकता। श्रद्धाजंलि सभा में महापौर किशोर राय, वरिष्ठ भाजपा नेता बेनी गुप्ता ने भी अरूण जेटली को लेकर अपने अनुभवों को साझा किया। जेटली के निधन को राष्ट्र की अपूरणीय क्षति बताया।
श्रद्धाजंलि सभा में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर स्व.अरूण जेटली जी को विनम्र श्रद्धाजंलि अर्पित की। छाया चित्र पर पुष्प अर्पित किए।इस मौके पर पूर्व विधायक राजू सिंह क्षत्री, भाजपा के दोनों जिला महामंत्री, समेत नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।