पैरों में चक्कर,जबान में शक्कर पीआरओ की पहचान-रमन

Shri Mi
4 Min Read

setu_samvad_programmeरायपुर।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि देश और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनसम्पर्क अधिकारियों का योगदान भी इसमें काफी महत्व रखता है। जनसम्पर्क अधिकारी के पैरों में चक्कर, जबान में शक्कर, नई खोज के प्रति दिल में आग और दिमाग में बर्फ होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनसम्पर्क अधिकारियों को सूचनाओं और नई-नई तकनीकों से अपने आपको लगातार अपडेट करते रहना चाहिए।बुधवार को सीएम छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासन अकादमी में आयोजित जनसम्पर्क अधिकारियों की दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला ‘संवाद सेतु’ का उद्घाटन करते हुए अपनी बातो को रखा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                                     मुख्यमंत्री ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनसम्पर्क अधिकारियों की सफलता के लिए यह जरूरी है, कि उनका मीडिया, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आम जनता और स्थानीय अधिकारियों के साथ जीवंत सम्पर्क हो। जनसम्पर्क अधिकारी को राज्य शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों, अपने जिले में हो रहे विकास कार्यों और अपने जिले से संबंधित सूचनाओं की अच्छी जानकारी हो। जनसम्पर्क अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र में सक्रिय, व्यवहार कुशल, नये-नये तथ्यों और जानकारियों को संकलित करने वाला और शांति से अपना कार्य करने वाला हो। उन्होंने प्रिंट मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के जरिये भी सूचनाओं के त्वरित सम्प्रेषण की आवश्यकता बतायी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की सफलता के लिए यह जरूरी है कि मीडिया के माध्यम से आम जनता तक बेहतर ढंग से सूचनाएं पहुंचे।

                                            मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसम्पर्क अधिकारी को कुशलता और स्पष्ट तथ्यों के साथ सरकार का पक्ष रखना चाहिए। सीएम ने फेसबुक और ट्वीटर का उपयोग करने की समझाइश भी दी। उन्होंने कहा कि जनसम्पर्क अधिकारियों को राज्य शासन की योजनाओं से आम जनता के जीवन में आने वाले सकारात्मक बदलाव की कहानियां, मानवीय संवेदनाओं के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करना चाहिए।

                                             राज्य प्रशासन अकादमी के महानिदेशक एवं अपर मुख्य सचिव एन.के. असवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह, जनसम्पर्क विभाग के सचिव संतोष मिश्रा, जनसम्पर्क विभाग के संचालक राजेश सुकुमार टोप्पो, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एम.एस. परमार और भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत अधिकारी डॉ. सुशील त्रिवेदी इस अवसर पर उपस्थित थे।

                                              जनसम्पर्क सचिव संतोष मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कार्यशाला के बारे में जानकारी दी। मिश्रा ने कहा कि यह कार्यशाला जनसम्पर्क अधिकारियों की दक्षता बढ़ाने में सहायक होगी। जनसम्पर्क विभाग के संचालक राजेश सुकुमार टोप्पो ने आभार प्रकट किया।

                                               मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए जनसम्पर्क अधिकारियों, को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य के लिए बस्तर संभाग को शील्ड प्रदान की गई। कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिलों से आए जनसम्पर्क अधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी और प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर उपस्थित थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close