प्रभारी मंत्री रविन्द्र ने बताया..समय कलंक मिटाने का…अटल ने कहा…कार्यकर्ता दिखाएंगे भ्रष्ट केन्द्र सरकार को आइना

BHASKAR MISHRA
5 Min Read
बिलासपुर/रतनपुर— बिलासपुर जिला प्रभारी और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र चौबे बुधवार दोपहर सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर रतनपुर के हेलीपैड ग्राउंड में हेलीकॉप्टर से पहुंचे । प्रभारी मंत्री चौबे सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया देवी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद संकल्प शिविर में भी शिरकत किया। इसके पहले उन्होने माता महामायी के चरणों में रविन्द्र चौबे ने मत्था टेककर प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।
             बिलासपुर के प्रभारी और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र चौबे आज हेलीकाफ्टर से रतनपुर प्रवास पहुंचे। संकल्प शिविर में शिरकत करने से पहले सिद्ध शक्तिपीठ महामाया के दरबार में मत्था टेका। विधि विधान से पूजा आराधना के बाद उन्होंने प्रदेश की खुशहाली के लिए आशीर्वाद भी मांगा। पूजा पाठ के बाद मंत्री चौबे कार्यकर्ताओं के संकल्प शिविर में शिरकत किया।
             मंदिर परिसर के नए धर्मशाला परिसर में आयोजित संकल्प शिविर में शामिल कोटा,रतनपुर और बेलगहना के कार्यकर्ताओं को रविन्द्र चौबे ने जमकर बूस्टअप किया।उन्होने कहा आप सभी लोगों के साथ माता महामाया का विशेष आशीर्वाद है। सरकार माता के आशीर्वाद से जनता की सेवा भलीभांति कर रही है। जो काम पिछले पन्द्रह सालों में किसान,युवा,गरीब,आदिवासी और व्यापारियों के लिए नहीं किया गया। भूपेश सरकार ने मात्र दो महीने में कर दिखाया। प्रदेश की जनता में सरकार के कामकाज को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
                           रविन्द्र चौबे ने कोटा विधानसभा के कमोबेश सभी बूथों के कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन से चुनावी तकनीकी की जानकारी दी। चौबे ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि विधानसभा चुनाव में  अपराजेय कोटा में हमें हार का कलंक झेलना पड़ा है। ,कलंक को जड़ से धोने का समय आ गया है। सभी कांग्रेस के सम्मानीत कार्यकर्ताओं को आगामी आम चुनावों में ऐतिहासिक बढ़त दिला कर कोटा में पार्टी का परचम लहराना है। निश्चित रूप से कोटा विधानसभा के कार्यकर्ताओं के सामने चुनौती बड़ी है। लेकिन आपके हौसले और संघर्ष का इतिहास स्वयं गवाह है। आप सभी को अपनी शक्ति पहचाननी है, माता महामाया का भी आशीर्वाद आपके साथ है।
          रविन्द्र चौबे ने कहा कि कार्यकर्ताओं को हमारे हमारे विद्वान वक्ताओं ने प्रशिक्षण दिया है। आपका अनुभव भी है। दोनों बातों को ध्यान में रखकर हमें अपनी विजय को क्षेत्र में सुनिश्चित करना है।
                          संकल्प शिविर में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं को प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। उन्होने मतदान केन्द्र प्रबंधन के तकनीकी पहलुओं और प्रभावित करने वाले तथ्यों की विस्तार से जानकारी दी। श्रीवास्तव ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ हर संघर्ष में खड़े रहने का वायदा किया। अटल ने कहा कांग्रेस देश ही नहीं विश्व की ऐतिहासिक पार्टी है। पार्टी का अपना समृद्ध इतिहास है। हमने जब भी ठाना आजादी से लेकर तमाम उपलब्धियों को जनता के लिए हासिल किया है। सभी लोग जानते हैं कि कांंग्रेस वीरो,सेनानियों, विद्वानों,चिंतको के साथ कर्मठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की पार्टी है। चूंकि वक्त बदलाव का है..जनता ने भी बदलाव का फैसला कर लिया है। इसलिए अब जिम्मेदारी बनती है कि कांग्रेस का एक एक सिपाही जनता की सेवा में अपने आप को समर्पित करे।  लोकसभा चुनाव जीतकर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएं। इसके साथ ही केन्द्र की लफ्फाजी भ्रष्ट सरकार को आइना भी दिखाए।
              बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय ने मोदी सरकार के भ्रष्टाचार और जन विरोधी नीतियों पर निशाना साधा। कार्यकर्ताओं को अवगत कराया कि घर घर पहुंचकर जनता को जागरूक करें। सभी कार्यकर्ता एक एक वोटरों से मिलने का ना केवल संकल्प लें बल्कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ यूपीए सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी बताएं।
                 तखतपुर की विधायक रश्मि सिंह ने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों, रीतियों – नीतियों, सिद्धांतों व इतिहास की जानकारी दी। शिविर में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने लोकसभा चुनाव जीतकर केन्द्र में कांग्रेस सरकार बनाने का संकल्प लिया। संकल्प शिविर के कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी ने किया। उन्होने कार्यकर्ताओं को संगठित होकर काम करने को कहा। कार्यक्रम समापन पर  आभार प्रदर्शन कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी विभोर सिंह ने किया।  कोटा विधानसभा अंतर्गत आने वाले तीनों ब्लाॅंक कांग्रेस कमेटियों रतनपुर, कोटा, बेलगहना अध्यक्ष विरेन्द्र साहू, आदित्य दीक्षित, संदीप शुक्ला, रतनपुर शहर अध्यक्ष आनंद जायसवाल, अनिल चौहान,प्रमोद नायक समेत जिलेऔर ब्लाक कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद थे।
close