प्रयास बालिका विद्यालय का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण,एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुधारने का निर्देश

Shri Mi
2 Min Read

बिलासपुर।शासकीय प्रयास आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने वहां खान-पान व अन्य व्यवस्थाओं में सुधार लाने का सख्त निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिया है। कलेक्टर डॉ. अलंग ने आज जरहाभाठा स्थित प्रयास आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। वे सबसे पहले किचन में गये और वहां तैयार भोजन को देखा। भोजन को देखकर उन्होंने छात्राओं को बुलाया और उनसे भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि उन्हें भोजन ठीक से नहीं मिलता और गुणवत्ता भी खराब है। कलेक्टर ने मेनू चार्ट के बारे में पूछा, तो वह उपलब्ध नहीं था। छात्राओं ने बताया कि उन्हें मेनू के अनुसार खाना नहीं मिलता है। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारी पर सख़्त नाराजगी जताई। सीजीवालडॉटकॉम के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

कलेक्टर ने स्टोर रूम में जाकर वहां रखी खाद्य पदार्थों को देखा। वहां पर व्याप्त गंदगी को देखकर उन्होंने फिर नाराजगी जताई। उपस्थित सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास  और छात्रावास के प्रशासनिक अधिकारी को तत्काल व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरती तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढे-स्वतंत्रता दिवस समारोह-जिला मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री,मंत्रीगण करेंगे ध्वारोहण..शिक्षण संस्थान के लिए यह दिशा निर्देश

उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उन्हें अब से अच्छा मिलेगा। छात्राओं की मांग पर कलेक्टर ने रोटी को भी मेनू में शामिल करने का निर्देश दिया, जो उनके मेनू में अभी तक नहीं था।

कलेक्टर को छात्राओं ने यह भी बताया कि उन्हें अभी तक पाठ्य पुस्तकें नहीं मिली हैं। कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारी से इसका कारण पूछा तो बताया कि तकनीकी दिक्कत के कारण किताबें आबंटित नहीं हो पाई है। कलेक्टर ने तुरंत फोन लगाकर सम्बन्धित अधिकारियों से बात की। इसके बाद उन्होंने छात्राओं को बताया कि कल तक उन्हें पाठ्य-पुस्तकें भी उपलब्ध करा दी जायेंगी। कलेक्टर ने छात्राओं के मनोरंजन के लिए इनडोर गेम्स की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close