बिलासपुर– बारिश की पहली ही फुहार में शहर का सांस फूलने लगा है। जगह जगह पानी भरने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। आधे अधूरे मानसून ने निगम की सफाई व्यवस्था को आइना दिखा दिया है। झमाझम बारिश के बाद नगर की क्या स्थिति होगी..जनता हालात को लेकर अभी से चिंतित है।
बारिश की पहली फुहार ने नगर निगम की व्यवस्था को आइना दिखाया है। व्यापार विहार,तालापारा, शहर की निचली बस्तियों में पानी के जमाव होने से शहरवासी खासे परेशान दिखाई दिये। पानी निकासी नहीं होने से सड़क का पानी घरों में घुस गया। लोग घंटो पानी निकालने के लिए इधर उधर दोड़ते नजर आये। तालापारा क्षेत्र की हालत काफी दयनीय नजर आयी।
मालूम हो कि नगर निगम प्रशासन ने बताया था कि पानी भरने की स्थिति इस बार नगर में नहीं होगी। नालियों की साफ सफाई और निकासी व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग और बाढ़ नियंत्रण टीम को किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। सरकंडा और मिनी बस्ती में पानी के भराव से लोग काफी परेशान नजर आए।
लोगों ने बताया कि निगम की व्यवस्था ने हमें कहीं का नहीं छोड़ा है। सड़क का पानी घर में घुस गया है। अभी मानसून का आना बाकी है। ऐसे में हम लोग क्या करेंगे..यह सोचकर अभी से ही परेशान हैं। व्यापार विहार, तालापारा और तालापारा क्षेत्र के लोगों ने बताया कि हमने कई बार निगम प्रशासन को पत्र लिखकर सफाई और पानी निकासी व्यवस्था को ठीक करने की गुहार लगाई बावजूद इसके निगम ने गंभीरता से नहीं लिया। अब तो हमारा भगवान ही मालिक है ।