बजट पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया…कहा…जनता के साथ धोखा..भूल गए नरवा, गरुवा, घुरुवा और बाड़ी का नारा

BHASKAR MISHRA
5 Min Read
बिलासपुर—भाजपा नेताओं ने बजट को दिशाहीन बताया है।भाजपा नेताओं ने कटाक्ष करते हुए कहा पहले ही बजट में कांग्रेस की नीति और नीयत साफ हो गयी है। भाजपाओं ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि बजट में नरवा, गरुवा, घुरुवा और बाड़ी का कहीं अता पता नहीं है।
  धरमलाल कौशिक–भाजपा अध्यक्ष और बिल्हा विधायक
                     बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पहले बजट से स्पष्ट हो गया है कि छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाई देने में असमर्थ हैं। बजट की दिशा भटकी हुई है। नरवा, गरुवा, घुरुवा और बाड़ी का नारा खोखला साबित हुआ है। किसानों को कर्ज के नाम पर छलने के बाद बिजली बिल हॉफ करने के वादे से भी सरकार मुकरी है। केवल 400 यूनिट तक हॉफ कर सरकार ने घरेलू उपभोक्ता के साथ इंडस्ट्री को भी धोखा दिया है। 10 लाख बेरोजगारों को 2500 रुपए देने का कहीं कोई जिक्र नहीं है।  60 वर्ष वालों को एक हजार और 75 वर्ष वालों को 1500 रु. प्रतिमाह, विधवाओं को एक हजार रु. प्रतिमाह की बात ना कर भूपेश सरकार ने प्रदेश को ठगने का काम किया है।
                कौशिक ने कहा कि चिटफंड कम्पनी से ठगे लोगों को पैसा वापस करने का वादा कर सरकार में आए कांग्रेसियों ने चिटफंड कम्पनी की तरह ही पीड़ित लोगों को ठगने का काम किया है।
अमर अग्रवा–पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री
                                पूर्व नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में जो वायदे किये थे उसका बजट में कोई अता पता नही है। बेरोजगारों को भत्ता देने का जो वायदो किया था वह झूठ का पुलिंदा निकला। शिक्षाकर्मियों से लेकर अन्य विभाग के कर्मचारियों के लिए जो घोषणा की गई थी उसका भी अता पता नही है। अग्रवाल ने भूपेश सरकार के ऊपर आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में पूर्ण शराब बंदी करने का वायदा किया था। वादा ठांए-ठांए फिस्स हो गया है। प्रदेश की जनता को धोखा देकर सत्ता हासिल करने वाली कांग्रेस सरकार की पोल पहली बजट में खुल गई है।
 लखनलाल साहू–सांसद
              सांसद लखनलाल साहू ने राज्य सरकार के बजट को निराशा जनक बताया। कांग्रेस नेताओं ने अपने जनघोषणा में लगभग 70 वादे किये हैं। बजट में वादों को पूरा होते नहीं देखने को मिला है। भूपेश सरकार ने युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों को छलने का काम किया है।
रजनीश सिंह–बेलतरा विधायक
             बेलतरा विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने पहले बजट में चुनावी वादों पर खरी नहीं उतरी है। कांग्रेस पार्टी 55 साल राज्य करने के अपने पुराने ट्रैक पर वापस आ गयी है। जिस तरह गरीबी हटाओ के नारा को कभी पूरा नहीं कर पाए वैसे ही जन घोषणा पत्र को पूरा करने की क्षमता सरकार में नहीं दिख रही है। लगभग 200 फूड पार्क की बात करने वाले केवल 5 फूड पार्क के लिए 50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। स्पष्ट है किसानों को कर्जमाफी की तरह उनके उत्पादों की फूड पार्क में प्रोसेसिंग कर संरक्षित करने के वादे से भी हाथ उठाते दिख रहे हैं।
 डॉ.कृष्णमूर्ति बांध–मस्तूरी विधायक
               मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि प्रदेश की युवा तरूणाई युवाओं और बेरोजगार युवाओं को चुनाव के पूर्व चुनावी में सिर्फ सब्जबाग दिखाया गया है। युवाओं को सरकारी नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा करने के साथ धोखा देकर सत्ता हासिल करने वाली कांग्रेस सरकार की पोल खुल गयी है।
विक्रम सिंह..उपाध्यक्ष बिल्हा जनपद पंचायत
              बिल्हा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के बजट में ग्राम विकास को लेकर कोई स्प्ष्ट दृष्टिकोण नहीं है। पंचायत के प्रतिनिधियों के लिए किसी प्रकार का प्रावधान नहीं है। पूर्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा जनपद सशक्तिकरण और कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बजट में शामिल नहीं किया गया है। मजदूर पलायन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। पंचायती राज के जनप्रतिनिधियों के अधिकार को कम किया गया है।   बजट बहुत ही निराशाजनक है। सरकार की मानसिकता समझ में आ गई है।
close