बिलासपुर को 10 करोड़ की सौगात..सीएम ने बीआर को बताया…आधुनिक बिलासपुर के शिल्पकार…मुफ्त वाई-फाई का दिया तोहफा

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

बिलासपुर—मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को बृहस्पति बाजार में स्थापित अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री स्वर्गीय बी.आर.यादव की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम ने नगर निगम क्षेत्र में 3 करोड़ 59 लाख 67 हजार रूपये के कार्यों का लोकार्पण किया। विकास कार्यों के लिये बिलासपुर नगर निगम को 10 करोड़ रूपये देने का एलान किया। इसके अलावा नगर पालिका परिषद रतनपुर, तखतपुर और तिफरा को एक-एक करोड़ का तोहफा दिया। भूपेश बघेल ने नगर पंचायत कोटा, बोदरी, बिल्हा, सकरी, मल्हार, पेण्ड्रा, सिरगिट्टी, गौरेला को 50-50 लाख की सौगात दी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                       आदम कद प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनाने से लेकर सामाजिक आंदोलनों, विकास के कार्यों में स्व.यादव का योगदान को कभी भी नहीं भुलाया जा सकता है। उनकी यादों में हमेशा जीवित रखने के लिए ही बहतराई स्थित नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का नाम स्व.बीआर यादव के नाम पर रखा गया है।

विभाजन का दुख और प्रगति का सुख– दिग्गी

                    कार्यक्रम को अविभाज्य मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राज्यसभा सांसद दिग्गविजय सिंह ने भी संबोधित किया। अपने संंबोधन में दिग्गी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद जिस तरह परिवार का विभाजन होने पर दुख होता है, वैसा ही दुख उन्हें भी हुआ। लेकिन प्रसन्नता इस बात को लेकर है कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। नैसर्गिक संसाधनों से भरपूर राज्य ने प्रगति की इबादत लिखा है। विश्वास है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का तेजी से  विकास होगा। उन्होंने प्रदेश के विकास में बीआर यादव के योगदान को भी याद किया।

आधुनिक बिलासपुर के शिल्पकार– गृहमंत्री

                                              कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लोक निर्माण, गृह, जेल, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि स्व. यादव सीधे, सहज, और सरल व्यक्तित्व के मालिक थे। आधुनिक बिलासपुर के सही मायनों में शिल्पकार थे। साहू ने बताया कि प्रभारी मंत्री होने के नाते प्रयास करेंगे कि बिलासपुर में विकास का एक अच्छा वातावरण निर्मित हो।

यादव के सपनों को करेंगे पूरा…चरणदास महंत

                           कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने भी संबोधित किया। उन्होने कहा कि बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के विकास के लिये स्व. यादव ने जो कार्य किया है, उनके कार्य को आगे बढ़ायेंगे। उन्होंने प्रदेश में सभी धर्माें, समुदाय, वर्गाें के लिये सौहार्द्र का वातावरण निर्मित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व विशाल था।

                                      कार्यक्रम को बिलासपुर के विधायक शैलेष पाण्डेय, स्व.यादव के पुत्र कृष्ण कुमार यादव, कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।

कलेक्टर का स्वागत भाषण

                                  कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 27 हितग्राहियों को 15 लाख रूपये से ज्यादा की राशि प्रथम किश्त के रूप में प्रदान किया। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 18 समूहों को 1 लाख 80 हजार रूपये का आवर्ती निधि और दो हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन कलेक्टर डाॅ.संजय अलंग ने दिया।

मंचस्थ अतिथि

                        मंच पर दिग्विजय सिंह की धर्मपत्नी अमृता सिंह, तखतपुर विधायक रश्मि सिंह ठाकुर, नगर निगम महापौर किशोर राय, विधायक मोहित केरकेट्टा, लोरमी विधायक धरमजीत सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर रामकुमार यादव, पूर्व सांसद कमला मनहर, रामाधार कश्यप, रामेश्वर निखरा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शेख नजरूद्दीन, पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय, राउत नाचा महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ कालीचरण यादव, नगर निगम पार्षद और गणमान्य लोग मोजूद थे। , गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

नगर निगम को वाई फाई की सौगात

                                 कार्यक्रम के पूर्व प्रदेश मुखिया भूपेश बघेल ने बटन क्लिक कर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बिलासपुर शहरवासियों को फ्री वाई-फाई की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने वाई-फाई सेवा लांच कर शहरवासियों को समर्पित की। सीएम ने नगर-निगम बिलासपुर और स्मार्ट सिटी की तरफ से तैयार बिलासपुर का अपना स्वच्छता गीत लांच किया। शहरवासियों को फ्री वाई-फाई सेवा नेहरू चैक, स्वामी विवेकानंद उद्यान, रीव्हर व्यू रोड, मैग्नेटो माॅल के पास श्रीकांत वर्मा मार्ग, स्मृति वन, गोल बाजार, राजीव प्लाजा, टैगोर चैक से गांधी चैक, पंडित दीनदयाल उद्यान और पुलिस ग्राउण्ड में मिलेगी।

close