बैंक ने रचा जीरो शार्टेज का रिकार्ड..सीएम ने दी बधाई

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

_CGP9775बिलासपुर—मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने  धान खरीदी में जीरो शार्टेज के लिए बिलासपुर जिला सहकारी बैंक को बधाई दी है। चौपाटी में आयोजित लोकसुराज अभियान के मंच से मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर अन्बलगन पी और जिला सहकारी बैंक सीईओं की जमकर सराहना की। उन्होंने किसानों के लिए बेहतर कार्य करने और बैंक के विश्वास को बनाए रखने के लिए दोनों अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । सीएम ने सूखा राहत ऋण मापी योजना के तहत प्रभावित 16 किसानों को कर्ज माफी प्रमाण पत्र भी दिया।

                    चौपाटी में आयोजित लोकसुराज अभियान के मंच से मुख्यमंत्री ने जिला सहकारी बैंक को पटरी पर लाने के लिए बैंक प्रशासक अन्बलगन पी और सीईओ अभिषेक तिवारी की पीठ थपथपाते हुए धान खरीदी में जीरो शार्टेज के लिए बधाई दी है। लोक सुराज अभियान के तहत चौपाटी में आयोजित विशाल सभा को संबोधित करते हुए मु्ख्यमंत्री ने कहा किसानों के साथ अन्याय का प्रश्न ही नहीं उठता । बिलासपुर केन्द्रीय सहकारी बैंक सीईओ और कलेक्टर ने धान खरीदी में जीरो शार्टेज कर किसानों के हितों को संरक्षित किया है।

                     जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कार्यक्षेत्र बिलासपुर, जांजगीर, कोरबा ,मुंगेली जिले तक है। विपरीत परिस्थितियों में अधिकारियों ने काम कर बैंक की साख को उंचाई तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका श्रेय केवल और केवल बैंक के प्राधिकृत अधिकारी अन्बलगन पी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक तिवारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को जाता है। मुख्यमंत्री दोनों अधिकारियों का सार्वजनिक मंच से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

                      सीएम ने सूखा राहत ऋण माफी योजना के तहत  क्षेत्र के प्रभावित सूखा ग्रस्त किसानों के बीच ऋण माफी प्रमाण पत्र का वितरण किया। सीएम ने 16 हितग्राहियों को ऋणमाफी प्रमाण पत्र दिया।  कार्यक्रम में अपैक्स बैंक के अध्यक्ष अशोक बजाज, मार्कफेड के अध्यक्ष राधाकृष्ण गुप्ता , संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं जे.आर.ढारगवे, उपपंजीयक सहकारी संस्थाए डी.आर.ठाकुर जिला विपणन अधिकारी जोशी, बैंक यूनियन अध्यक्ष घनश्याम तिवारी, नोंडल अधिकारी शशांक शेखर दुबे समेत बैंक के कर्मचारी उपस्थित थे।

                              बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक तिवारी ने पत्रकारों को बताया कि जीरो शार्टेज का श्रेय बैंक कर्मचारियो, किसानों और कलेक्टर को जाता है।  सीईओं तिवारी ने बताया कि बैंक की वित्तीय स्थिति बेहतर है। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होकर हमारा मनोबल भी बढ़ा है। इस उपलब्धि में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सभी का योगदान है।

close