भाजपा का संकल्प पत्र…अमर ने कहा युवा किसान सभी बनेंगे सक्षम…धरम बोले कृषि में होगा 25 करोड़ का निवेश

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने बताया कि संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन स्पष्ट है। भारत को 2025 तक 5 लाख करोड़ डालर और 2032 तक 10 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था वाला बनाना है। भारत को विश्व में सम्मान दिलवाना भाजपा की प्राथमिकता होगी। आने वाली पीढ़ी के लिए करोड़ों रोजगार का सृजन करना है।
                भाजपा के संकल्प पत्र को नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने जमकर तारीफ की है। भाजपा नेता ने बताया कि भारत 65 प्रतिशत आबादी वाला युवा देश है। अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रोजगार जनरेट किया जाएगा।  लोकसभा चुनाव 2019 के संकल्प पत्र का स्वागत करते हुए धरम ने कहा कि पत्र मे किसानों के लिए काफी अहम घोषणा है। 60 वर्ष के किसानों को पेंशन, 6000 रुपए सलाना देने की बात कही गई है। कृषि क्षेत्र में 25 लाख करोड़ के निवेश की बात है। दरअसल संकल्प पत्र मेहनतकश किसानों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
                       बिलासपुर लोकसभा के संयोजक  अमर अग्रवाल ने कहा कि संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विकास का विजन दिखाई पड़ता है।संकल्प पत्र में भाजपा के उस नए भारत के निर्माण की ओर बढ़ रहे कदम के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। किसान, गरीब के साथ साथ युवाओं, व्यापारियों को सक्षम बनाने के लिए हर संभव प्रयास के लक्ष्य निर्धारित किये गये है। प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार पर काबू पाने में ऐतिहासिक सफलता पाई़़ है। यही नहीं देश की अर्थव्यवस्था को पटरी में लाने का काम मोदी सरकार ने किया है।
                       सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि सर्व समावेशी विकास और सुशासन के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता देखने को संकल्प पत्र में मिला है। देश की स्वाधीनता के 75वें वर्ष तक हम अपने संकल्प पत्र में 75 संकल्पों को पूर्ण कर सन् 2022 तक एक नए भारत निर्माण करेंगे।  भाजपा के इस संकल्प पत्र में राष्ट्रवाद की बात प्रमुखता से कही गई है।
                मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि संकल्प पत्र में अजा-जजा और पिछड़ा वर्ग के सभी लोगों को संवैधानिक प्रावधानों के तहत उपलब्ध हर लाभ प्रदान करने की प्रतिबद्धता है। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में मॉडल आवासीय विद्यालयों की स्थापना से  क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जुडऩे का अवसर मिलेगा।
बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने संकल्प पत्र को पूरे भारत की भावनाओं का दृष्टि पत्र बताया है। उन्होंने कहा कि अपने संकल्प पत्र के साथ भाजपा उस नए भारत के निर्माण की ओर कदम बढ़ा रही है, जो हमारी प्रतिबद्धता है।
close