भूपेश के खिलाफ भाजपाइयों ने की शिकायत

Chief Editor
2 Min Read
eow
          रायपुर।  भारतीय जनता पार्टी के  प्रतिनिधी मण्डल ने पूर्व विधायक विजय बघेल के साथ आर्थिक अपराध शाखा रायपुर के दफ्तर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की है। इस प्रतिनीधि मण्डल में भाजपा प्रदेशमंत्री छगनलाल मूंदड़ा, भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव एवं सच्चिदानंद उपासने , प्रफुल्ल विश्वकर्मा, ओंकार बैस, केदार गुप्ता, दीपक म्हस्के, बजरंग खडेलवाल, सूर्यकांत राठौर, संजू नारायण सिंह के साथ अनेक भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने कहा भाजपा की बौखलाहट
एसीबी जाकर भाजपाइयों द्वारा की गयी शिकायत पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और मीडिया विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने इसे नान घोटाला उजागर होने पर भाजपा की बौखलाहट करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल द्वारा लगातार भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले जाने से सरकार बौखला गयी है। भाजपा भ्रष्टाचार के खुलासो को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ झूठी शिकायत कर रोकना चाहती है। प्रलोभन और सौदेबाजी से नकारने के बाद भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के खिलाफ हमला और डराने धमकाने की हरकतों का सहारा लिया। अब झूठे प्रकरण कायम करने की स्तरहीन राजनीति पर भाजपा की सरकार उतर आयी है। भाजपा की बदले की राजनीति सफल हो ही नहीं सकती है। प्रदेष कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के द्वारा लड़ी गयी राशन कार्ड, भूमि अधिग्रहण, धान और नान की लड़ाई को अब भाजपा हमलों और झूठे प्रकरणों की कुचाल से रोकना चाहती है। भाजपा की शिकायतों को सिरे से खारिज करते हुये प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और मीडिया विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल द्वारा इस मामले में कोई अनियमितता की ही नहीं गयी है। दशकों पुराने आधारहीन प्रकरण को भाजपा सरकार द्वारा नान मामले में कांग्रेस के विरोध की धार कुंद करने के लिये उछाला जा रहा है। प्रदेश की जनता इसे बखूबी समझती है।
close