मंडल प्रबंधक ने कहा…माललदान में बनाया रिकार्ड…162 कर्मचारियों का किया सम्मान…बच्चों ने बटोरी ताली

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर–नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट आडिटोरियम में बिलासपुर रेल मंडल ने 63 वाॅ रेल सप्ताह समारोह धूम धाम से मनाया। समारोह के मुख्य अतिथि मंडल प्रबंधक आर.राजगोपाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में राजगोपाल ने मंडल के श्रेष्ठ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

                     एनई इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेल के विकास और  योगदान पर प्रकाश डाला गया। रेलवे के उद्भव और विकास की गाथाओ को पेश किया गया। अधिकारियों ने बताया कि रेल मंत्रालय समेत सभी क्षेत्रीय रेलवे, वर्कशाॅप, यूनिटों और  मंडलों में हर साल रेल सप्ताह समारोह मनाया जाता है। समारोह में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विगत वित्तीय वर्ष के दौरान उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता है।

                 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक आर.राजगोपाल ने प्रज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया। मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सौरभ बंदोपाध्याय, मंडल सेक्रो की अध्यक्षा सुषमा राजगोपाल, उपाध्यक्षा बनश्री बंदोपाध्याय अन्य सदस्याओं के अलावा सभी शाखाधिकारी, कर्मचारी  मौजूद थे। वरिय मंडल कार्मिक अधिकारी उदय कुमार भारती ने  मंडल के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। गत वर्ष की उपलब्धियों को पेश किया।

                        बिलासपुर मंडल प्रबंधक राजगोपाल ने अपने संबोधन में रेल कर्मचारियों को रेल सप्ताह की शुभकामनाएॅ दीं। उन्होने कहा कि बिलासपुर भारतीय रेलवे का सर्वाधिक माल लदान करने वाला मंडल है। वित्तीय वर्ष 2017-18 में 140.14 मिलियन टन माल लदान किया है। राजगोपाल ने पुरस्कार विजेताओं और मंडल रेल परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के अनुशासित प्रयास से ही उपलब्धियां हासिल हुई हैं।  4 करोड 63 लाख यात्रियों का परिवहन कर सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया है।

              आधारभूत संरचना, माल लदान, यात्री परिवहन के साथ ही यात्री सुविधा विकास एवं कर्मचारी हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। यह सब मंडल के सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से ही संभव हुआ है।

                      मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद रेलवे स्कुलों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर लोगों का दिल जीत लिया। छात्र छात्राओं ने राजस्थानी गीत पर मनमोहक नृृत्य पेश किया। स्काउट गाइड के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक पेश कर समपार फाटक को सुरक्षित पार करने की जानकारी दी।

                            सांस्कृृतिक कार्यक्रम के बाद मंडल प्रबंधक राजगोपाल ने विभिन्न विभागों के 152 कर्मचारियों को व्यक्तिगत और 10 समूह को पुरस्कार दिए। इसके अलावा मंडल के विभिन्न स्टेशनों को उनके उत्कृष्ठ कार्यों के लिए 10 शील्ड का वितरण भी किया गया।

close