मंत्री को आया गुस्सा,कहा-पड़ेगा ईओडब्लू का छापा

BHASKAR MISHRA

IMG-20160805-WA0331बिलासपुर— भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम मंडल की बैठक में मंत्री अमर अग्रवाल का तेवर देख निगम अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के होश उड़ गये। अमर ने कहा कि ठेकेदारों,इंजीनियरों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर बिलासपुर की तस्वीर को ही बिगाड़ दिया है। काम काज के दौरान भयंकर सामंजस्य का अभाव है। वार्डों की बदहाल स्थित देखने के बाद आग बबूला मंत्री ने विकास कार्य समीक्षा बैठक में अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और ठेकेदारों को जमकर फटकारा। वार्डों की बदहाल स्थित देखने के बाद नाराज मंत्री ने कहा कि निगम अधिकारी और ठेकेदारों के ठिकानों पर ईओडब्लू छापा का छापा पड़ना जरूरी है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                आज निकाय मंत्री शहर के पश्चिम मंडल की बैठक में वार्ड क्रमांक एक से ग्यारह में हुए कार्यों की समीक्षा की। वार्डों की हालत और लोगों की परेशानियों को देखते हुए मंत्री ने वार्ड जनप्रतिनिधियों को जमकर फटकारा। मंत्री ने महापौर किशोर राय, सभापति अशोक विधानी, एल्डरमैन मनीष अग्रवाल, एल्डरमैन राजेन्द्र भण्डारी, रामदेव कुमावत, अजीत सिंह भोगल की जमकर क्लास ली।

                      साफ सफाई व्यवस्था की हालत पर चिंता जाहिर करते हुए मंत्री अमर ने स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओंकर शर्मा को लापरवाही से बाज आने को कहा। उन्होने कहा कि काम यदि मन नहीं लगता है तो नौकरी छोड़कर अपना घर संभाले। भ्रष्ट और लापरवाही अधिकारियों की हमें जरूरत नहीं है। इस दौरान अमर ने सभी सफाई ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करते हुए सरकारी पैसों की रिकवरी करने को कहा। नाराज मंंत्री ने महापौर को भी नहीं छोड़ा। उन्होने कहा कि महापौर ही जब साफ सफाई का काम ठीक से नहीं कर सकता है तो अन्य कार्यों की उम्मीद करना बेईमानी है। अमर ने कहा कि ठेकेदारी और नेतागिरी एक साथ नहीं चलने देंगे। पार्षद ठेकेदार अपनी हरकतों से बाज आए। हमें पार्षद ठेकेदार और लापरवाह इंजीनियरों कि जरूरत नहीं है।

                      बैठक में निगम उपायुक्त टामसन रात्रे, मिथिलेश अवस्थी, गोपाल ठाकुर,प्रवीण शुक्ला,अजय श्रीवासन,सुरेश शर्मा समेत निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। किशोर राय,अन्य पार्षदों और अधिकारियों से मंत्री ने दो टूक कहा कि ठेकेदारों से मिली भगत का खेल जनता के हितों पर बर्दा्स्त नहीं किया जाएगा। जो ठेकेदार काम नहीं करते उन्हें ब्लैक लिस्ट में डाला दिया जाय़। अमर अग्रवाल ने महापौर को भी जमकर फटकारा।

                                               वार्ड एक से लेकर 11 तक सड़कों समेत शहर की अन्य सड़कों नालियों की बदहाल व्यवस्था को लेकर मंत्री ने कहा कि ठेकेदारों और अधिकारियों के यहां ईओडब्लू का छापा पड़ना चाहिए। शुरू से लेकर अंत तक बैठक के दौरान मंत्री अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर झल्लाते रहे। उन्होने कहा कि किसी भी वार्ड में कोई भी काम ठीक से नहीं किया गया है। सड़कों की हालत बद से बदतर है। आज डामरीकरण का काम होता है कल सड़क में गड्ठे नजर आते हैं। शिकायत मिल रही है कि वार्डो में ना तो पार्षद पहुंच रहे हैं और ना ही निगम के कर्मचारी और अधिकारी। यह धंधा अब नहीं चलने वाला है।

               मंत्री अमर अग्रवाल ने लोगों की शिकायतों को भी सुना। साथ ही मिलजुलकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सिवरेज का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। पुरानी कम्पनी के ठेके को निरस्त कर नई कम्पनी को सिवरेज की जिम्मेदारी दी जाएगी।

close