मण्डल ने फिर तोड़ा अपना पुराना रिकार्ड…करोड़ों की हुई राजस्व वसूली…बेटिकट यात्रियों ने भी बनाया रिकार्ड

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर… बिलासपुर मंडल ने एक बार फिर टिकट चेकिंग अभियान में रिकार्ड बनाया है। मई महीने में सर्वाधिक 1 करोड 50 लाख रूपये की वसूली कर अपना पिछला रिकार्ड ध्वस्त किया है। रेलवे प्रशासन ने लोगों को चेतावनी के साथ संंदेश दिया है कि चेकिग अभियान में किसी प्रकार की कोताही नहीं होगी। बेटिकट और नियम के खिलाफ यात्रा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

                     प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक के निर्देश पर बेटिकट रेल यात्रा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। मंडल वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सघन टिकट चेकिंग अभियान से मई 2019 में अब तक की रिकार्ड सर्वाधिक वसूली की है।

                  रेल प्रशासन के अनुसार मई 2019 के दौरान टिकट चेकिंग अभियान से कुल 49,241 मामलों से 1 करोड 50 लाख 06 हजार 167 रूपये राजस्व हासिल हुआ है। नियम खिलाफ रेल यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर  जुर्माना वसूला गया है। मई महीने में बिलासपुर रेल मण्डल ने बिना टिकट के 8646 मामलों से 53,24,247 रूपये की वसूली की है। अनियमित टिकट के 16,893 मामलों से 75,06,470 रूपये जुर्माना लिया है।

                  बिना बुक लगेज के 23,702 मामलों से 21,75,450 रूपये इसमें शामिल है। मंडल में मासिक टिकट चेकिंग अभियान से जुर्माने की सर्वाधिक वसूली है। इसके पहले मई 2018 में रेल प्रशासन ने अभियान चलाकर 1 करोड 40 लाख रूपये वसूल किया था।

close