मेयर,कलेक्टर,आयुक्त ने कहा…जन सहयोग से मिलेगा अरपा को नया जीवन…अब प्रत्येक रविवार को करेंगे श्रमदान

BHASKAR MISHRA
5 Min Read
बिलासपुर- अरपा उत्थान अभियान के दूसरे दिन भी शहरवासियों ने उत्साह और दमखम दिखाया। श्रमदान कर अरपा के प्रति फर्ज निभाया। लोगों ने  अरपा के संवर्धन और विकास के लिए सतत् प्रयास करने का संकल्प भी लिया। अभियान को सफल बनाने के कलेक्टर संजय अलंग ने शहरवासियों के प्रति धन्यवाद जाहिर किया। साथ ही प्रत्येक रविवार को सामाजिक संगठनों से श्रमदान में सहयोग करने की अपील भी की।
                    कलेक्टर डा. संजय अलंग ने कहा कि अरपा के संरक्षण और संवर्धन से ही शहर में पानी की समस्या दूर हो सकती है। लोग अधिक से अधिक पौधरोपण करने और  घरों में वाटर हार्वेस्टिंग लगाने का संकल्प लें। निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने शहरवासियों और सभी सामाजिक संगठनों को अभियान में शामिल होने और श्रमदान करने के धन्यवाद जाहिर किया। कमिश्नर पाण्डेय ने कहा कि अरपा की सफाई इसी तरह जन सहयोग से ही संभव है। इसके लिए शहरवासियों और सामाजिक संगठनों को अरपा की सफाई के लिए लगातार प्रयास करना होगा।
                    इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से अपने घरों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण कराने और पौधरोपण की अपील की। जिला प्रशासन, नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रयास से आयोजित अरपा उत्थान अभियान के दूसरे दिन भी 10 हजार से ज्यादा लोगों ने श्रमदान में अपनी सहभागिता दर्ज की। छठ घाट पर तोरवा पुल के नीचे से घाट के अंतिम छोर तक शहरवासियों की भीड़ अरपा से जलकुंभी निकाल सफाई करने में जुटी थी।
         अभियान के दूसरे दिन  जलकुंभी और सिल्ट को हटाने निगम ने 7 जेसीबी और 20 हाईवा ट्रक का इंतजाम किया गया था। जन सहयोग से 20 हाईवा जलकुंभी और 10 हाइवा सिल्ट निकाला गया। कार्यक्रम में आर्ट आफ लिविंग, आर्चिंस ग्रुप, अरपा अर्पण महाभियान, धिती फाउंडेशन, हैंड्स ग्रुप, दावत ए आम, सक्षम, जज्बा, एनिमल प्रोडक्शन, अभिभावक संघ, टीम ख्वाब, एसबीआई, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी कुलपति प्रो. जीडी शर्मा व स्टाफ, सीवी रामन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार श्री गौरव शुक्ला व स्टाफ, जेपी वर्मा कालेज, सहित शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र एवं स्वयं सेवी संगठन प्रमुख रूप से शामिल हुए।
साथी हाथ बढ़ाना की धुन और लोगों की कतार
                 अरपा छठ घाट पर पुल के नीचे से घाट के अंतिम छोर तक हजारों लोगों ने कतारवद्ध अरपा से जलकुंभी की सफाई की। इस दौरान साउंड सिस्टम पर साथी हाथ बढ़ाना गीत भी बजाया गया। शहरवासियों ने उत्साहित होकर श्रमदान किया और अरपा की सफाई की।
नुक्कड़ नाटक बना आकर्षण केंद्र
                अभियान के अंत में नुक्कड़ नाटक के ज़रिए लोगों को पर्यावरण और स्वच्छता के साथ वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर आर्चिन्स ग्रुप ने संदेश दिया । लोगों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अरपा उत्थान, जल संवर्धन को समझा। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक आकर्षण का केंद्र रहा।
श्रमदान करने आए लोगों को पौधों का गिफ्ट
                 अभियान में शामिल लोगों को निगम प्रशासन की तरफ से पौधे गिफ्ट में दिए गए। लोगों ने सहर्ष पौधों को स्वीकार किया। अपने घर और रों के आसपास लगाकर संरक्षण करने की बात कही। दो दिनों के अभियान में करीब 8 हजार पौधों का वितरण किया गया।
मेयर ने सेल्फी किया धन्यवाद
  कार्यक्रम के अंत में मेयर किशोर राय ने सभी संगठनों के साथ  सेल्फी ली। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी को धन्यवाद भी ज्ञापित किया। मेयर ने कहा कि इसी तरह जन सहयोग से अरपा और शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है।
प्लास्टर आॅफ पेरिस की मूर्तियों का न हो उपयोग
           कार्यक्रम में तखतपुर विधायक रश्मि सिंह ने भी घाट पर उतर कर अरपा की सफाई की। उन्होंने कहा कि नदी की सफाई करते हुए कई प्लास्टर आॅफ पेरिस से बनी मुर्तियां निकल रही है। प्लास्टर आॅफ पेरिस से जल दुषित होता है। प्लास्टर आॅफ पेरिस की मूर्ति उपयोग नहीं करने की अपील की।
close