युंकाइयों ने फूंका पीएम का पुतला..युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा..चौकीदार ने दिया धोखा..भ्रष्टाचार को छिपाने गायब हुई फाइल

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—-जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष भावेन्द्र गंगोत्री की अगुवाई में युंकाइयों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन किया। केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राफेल डील में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। सिक्योरिटी फाइल गुम होने वाले बयान को लेकर भाजपा सरकार के मंत्रियों पर जमकर नाराजगी भी जाहिर की।
               सीएमडी कालेज चौक में जिला युवा कांग्रेस के नेताओं ने केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। युंकाइयों ने जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष भावेन्द्र गंगोत्री की अगुवाई में धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला जलाया। पुतला दहन के दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर झूमा झटकी हुई। लेकिन युंकाई अपने मंसूबों में कामयाब रहे।
                  जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष भावेन्द्र गंगोत्री ने बताया कि आश्चर्य की बात है कि जहां से एक तिनका का भी गायब होना नामुमकिन है। उस स्थान से राफेल डील की हाई सिक्योरिटी फाइल का गायब होना किसी आश्चर्यजनक से कम नहीं है। भावेन्द्र ने बताया कि ऐसा केवल प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में ही हो सकता है। क्योंकि आजकल केन्द्र के मंत्री खुद कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया है।
             भावेन्द्र ने कहा कि रक्षा मंत्रालय से राफेल डील की हाई सिक्योरिटी फाइल का गायब होना आश्चर्य की बात है। ऐसा किसी भी सूरत में संभव नहीं है। सरकारी वकील फाइल गायब होने का बहाना बताकर भ्रष्टाचार की बात को छिपा नहीं सकते हैं। फाइल गायब होने का तर्क हास्यास्पद है। बल्कि फाइल गायब कर राफेल डील भ्रष्टाचार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
                     जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि यदि देश के प्रधान मंत्री कार्यालय और रक्षा मंत्रालय से महत्वपूर्ण फाइल का गायब होना देश पर खतरे का संकेत है। इधर जनता ने भी फैसला कर लिया है कि भारत के चौकीदार को बदलना है। प्रधानमंत्री ने जनता के विश्वास को तोड़ा है। उन्हें एक पल भी पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
        पुतला दहन कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष भावेन्द्र गंगोत्री के अलावा प्रदेश सचिव आशीष गोयल,विनय वैध,सोहराब खान,जयपाल,अभिलाष रजक,अर्पित केशरवानी, दाद्दु सोनकर, रवि बोले, तिलक बोले, विराज रजक, ऐजाज हैदर, लोकेश नायक,रितेश बोले,अंकित अवस्थी, विष्णु बंजारे,अमन सोनकर,और अन्य युकाई मौजूद थे।
close