रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को छह प्रतिशत महंगाई भत्ते की एक अतिरिक्त किश्त की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के अनुमोदन से वित्त विभाग ने यहां मंत्रालय (महानदी भवन) से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।शनिवार को घोषित महंगाई भत्ते को मिलाकर छत्तीसगढ़ सरकार के कर्मचारियों का डी.ए. बढ़कर 125 प्रतिशत हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जनवरी 2016 से लागू होगा। इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के अनुमोदन के बाद वित्त विभाग द्वारा राज्य कर्मचारियों को 01 जुलाई 2015 से कुल 119 प्रतिशत पुनरीक्षित महंगाई भत्ते की मंजूरी दी गयी थी।
शनिवार को जारी आदेश में इसे और पुनरीक्षित करते हुए बढ़ाकर 125 प्रतिशत कर दिया गया है। वित्त विभाग ने अध्यक्ष राजस्व मंडल सहित शासन के समस्त विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को आज स्वीकृत महंगाई भत्ते का आदेश परिपत्र के रूप में जारी कर दिया गया है। यह आदेश कार्यभारित तथा आकस्मिकता निधि से पाने वाले कर्मचारियों सहित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यू.जी.जी.) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (ए.आई.सी.टी.ई) सेवा के कर्मचारियों पर भी लागू होगा। प्रदेश के सभी कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने राज्य शासन द्वारा महंगाई भत्ते की अतिरिक्त घोषणा का स्वागत करते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार प्रकट किया है।