राज्य का चौथा शक्कर कारखाना कबीरधाम मे

cgwallmanager
3 Min Read

4439 Finalccकबीरधाम। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कबीरधाम जिले के विकासखंड और तहसील मुख्यालय पण्डरिया से लगे हुए ग्राम बिशेसर में 163 करोड़ 12 लाख रूपए की लागत से लगभग 80 हेक्टेयर के रकबे में बनने वाले शक्कर कारखाने का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर किसानों के एक विशाल सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्हें इस नये शक्कर कारखाने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। कारखाने की सौगात मिलने पर किसानों के चेहरों पर काफी रौनक और मुस्कान देखी गई। उन्होंने मुख्यमंत्री का आत्मीय और जोशीला स्वागत किया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                             डॉ. सिंह ने कारखाने के अंशाधारक किसानों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि  क्षेत्र के दस हजार से ज्यादा किसान इस कारखाने के अंशधारक हैं। इस नाते ये किसान कारखाने के असली मालिक है। मुख्यमंत्री ने किसानों को धान के साथ-साथ गन्ने की खेती में भी रूचि लेने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि इस इलाके में गन्ने का रकबा और भी अधिक बढ़ेगा।  उल्लेखनीय है कि सहकारिता के क्षेत्र में यह भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने के बाद कबीरधाम जिले का दूसरा और राज्य का चौथा शक्कर कारखाना होगा। प्रदेश में दो अन्य सहकारी शक्कर कारखाने सूरजपुर जिले के ग्राम केरता और जिला बालोद के ग्राम करकाभाट में संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के हाथों आज जिस नये कारखाने का भूमिपूजन हुआ, पण्डरिया क्षेत्र सहित निकटवर्ती मुंगेली और बेमेतरा जिले को मिलाकर लगभग 20 हजार किसान परिवारों को उसका लाभ मिलेगा। पण्डरिया क्षेत्र के इस शक्कर कारखाने का नामकरण लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर किया गया है। कारखाने में गन्ने के बायोमास से करीब 14 मेेगावाट बिजली बनेगी, जिससे लगभग 20 हजार घरों को रोशन मिल सकेगी। इस नये शक्कर कारखाने की क्षमता प्रतिदिन 2500 मीटरिक टन गन्ना पेराई की होगी।कारखाने के भूमिपूजन और शिलान्यास समारोह में सहकारिता और संस्कृति मंत्री दयालदास बघेल, कृषि और जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, लोकसभा सांसद अभिषेक सिंह, संसदीय सचिव और पण्डरिया क्षेत्र के विधायक मोतीराम चन्द्रवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में किसान उपस्थित थे।

                                            डॉ. रमन सिंह नये शक्कर कारखाने को मिलाकर समारोह में पंडरिया क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 198 करोड़ रूपए के विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात दी। इनमें दो करोड़ 07 लाख रूपए की लागत से पंडरिया में बनने वाले औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई) भवन का भूमिपूजन भी शामिल है।

close