राशन बिक्री में गड़बड़ी..खाद्य विभाग की कार्रवाई..रंगे हाथ पकड़ाया संचालक ..नियंत्रक मसीह ने कहा करेंगे कार्रवाई

BHASKAR MISHRA

बिलासपुर— स्थानीय लोगों से आनलाइन और लिखित शिकायत के बाद खाद्य विभाग टीम ने सिरगिट्टी स्थित राशन दुकान में छापामार कार्रवाई की। मौके पर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने संचालक को गड़बड़ी करते रंगे हाथ पकड़ा है। मामले में खाद्य नियंत्रक हिचकिएल मसीह ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                      खाद्य विभाग की टीम ने आज बुढ़ादेव वार्ड सिरगिट्टी पहुंचकर राशन दुकान में औचक छापामार कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि जनता प्राथमिक उपभोक्ता भण्डार में चावल और मिट्टी तेल का वितरण निर्धारित मात्रा से कम किया जाता है। मामले में जब विरोध करने पर राशन वितरण प्रभारी संजय सिंह राशन नहीं देने की धमकी भी देता है। 

                  मामले में शिकायत कर्ताओं ने प्रमाण के तौर पर गड़बड़ी किए जाने की शिकायत सीडी के साथ एसडीएम, कलेक्टर और जिला खाद्य नियंत्रक से किया। खाद्य नियंत्रक हिचकिएल मसीह के निर्देश पर खाद्य अधिकारी अजय मौर्य और राजेश शर्मा ने जनता प्राथमिक उपभोक्ता भण्डार में ठीक राशन वितरण के समय औचक छापामार कार्रवई की।

               मामले में खाद्य नियंत्रक मसीह ने बताया कि मौके पर पाया गया कि राशन कार्ड में 55 की जगह 35 किलोग्राम राशन दिया जा रहा है। जबकि आनलाइन रिकार्ड में संचालक संजय सिंह ने 55 किलोग्राम चावल दिया जाना दर्ज किया है। इसी तरह मिट्टी तेल की नाम जोख में भी गफलत की जानकारी सामने आयी है। संजय सिंह ने कमोबेश सभी उपभोक्ताओं के साथ ऐसा ही किया है। कम मात्रा में मिट्टी तेल और राशन वितरण कर आनलाइन सही दर्ज किया है। छानबाीन के दौरान राशन स्टाक दुरूस्त पाया गया है।

                    खाद्य नियंत्रक मसीह ने बताया कि टीम के सदस्यों ने संजय सिंह को रंगे हाथ गड़बड़ी करते पाया है। फिलहाल रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

TAGGED: ,
close