रेडक्रास की जिला स्तरीय बैठक..रेबीज इंजेक्शन का पंकज ने उठाया मुद्दा…कहा..कमियों को किया जाए दूर

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर—कलेक्टर डॉ संजय अलंग की अध्यक्षता में मंथन सभागार में रेडक्रॉस सोसायटी बिलासपुर शाखा की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि ब्लॉक स्तर पर मास्टर ट्रेनर तैयार किये जाएंगे। सभी मास्टर ट्रेनर जूनियर और यूथ रेडक्रॉस के लिए प्राथमिक चिकित्सा,  आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देंगे। स्काउट की भी ट्रेनर के रूप में सेवायें ली जाएंगी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

         बैठक में सोसायटी के सदस्यों ने रेडक्रॉस मेडिकल दुकानों की आय बढ़ाने के लिये डेलीनीड्स और न्यूट्रिसियन्स सामग्री रखने पर सहमति व्यक्त की। सदस्यों ने लेखा संबंधी कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के लिये टेली अकाउंटेंट की नियुक्ति करने पर सहमति जाहिर की। बैठक में निर्णय लिया गया कि रेडक्रॉस सोसायटी में नये सदस्य बनाये जाएंगे। समाज के विभिन्न प्रोफेसनल्स से सदस्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।

                        बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि वीटीपी के रूप में रजिस्टर करके आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि कई जरूरतमंद संजीवनी योजना का फॉर्म नहीं भर पाते हैं। उनकी मदद के लिये रेडक्रॉस दुकानों में कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कलेक्टर ने स्कूलों में रेडक्रॉस की गतिविधियों को संचालित करने के लिये वार्षिक कलेण्डर जारी करने के निर्देश दिये। बैठक में सहायक कलेक्टर देवेश ध्रुव, नोडल अधिकारी रेडक्रॉस डॉ एम ए जिवानी, जिला समन्वयक रेडक्रॉस श्री सौरभ सक्सेना, सिविल सर्जन डॉ प्रमोद महाजन, शपंकज सिंह, जयश्री शुक्ला, सुधीर खंडेलवाल, डॉ राजीव अवस्थी और  अन्य सदस्य उपस्थित थे।

रेबीज इंजेक्शन की कमी पर हुई बातचीत…पंकज

          कांग्रेस नेता पंकज सिंह ने बताया कि बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कलेक्टर के सामने लोगों ने अपनी बातों को रखा है। कलेक्टर को बताया गया कि जिला अस्पताल और सिम्स में रेबीज इंजेक्शन की भारी कमी है। मरीज रोजाना बिना इंजेक्शन के लौट रहे हैं। गरीबों को भी निजी संस्थानों में जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। बैठक में हमने बताया है कि सिम्स और जिला अस्पताल में रोजना कम से कम 60 इंजेक्शन की जरूरत है।

                                कम से कम दोनों जगह रोजाना दस दस इंजेक्शन की व्यवस्था की जाए। बैठक में बताया कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने आश्वासन दिया है कि रेबीज इंजेक्शन की कमी को बहुत जल्दी ही दूर कर दिया जाएगा। दूसरे जिलों से भी इंजेक्शन बुलाए गए हैं। पंकज ने बताया कि बरसात आने वाली है। सर्प दंश की शिकायत निश्चित रूप से ब़ढ़ेगी। हमने कलेक्टर महोदय से निवेदन किया है कि सर्प दंश की दवा का भी समय रहते पुख्ता इंतजाम किया जाए। रेडक्रास की दुकानों में रेबीज इंंजेक्शन और सर्प दंश की दवा सहजता से उपलब्ध करायी जाए।

close