रायपुर।बीजेपी ने लोकसभा 2019 के आम चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए 17 राज्यों के साथ चंडीगढ़ में प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने यूपी के लिए सबसे ज्यादा तीन प्रभारी बनाये हैं। राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए गोवर्धन झड़ापिया, दुष्यंत गौतम और नरोत्तम मिश्रा को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया जबकि राजस्थान, आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश के लिए दो-दो प्रभारियों की नियुक्ति की है।
आंध्र प्रदेश में वी मुरलीधरन और सुनील देवधर को प्रभारी नियुक्त किया गया है तो वहीं मध्यप्रदेश के लिए स्वतंत्रदेव सिंह और सतीश उपाध्याय को यह जिम्मेदारी दी गई है जबकि राजस्थान में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली को दो राज्यों का प्रभारी बनाया गया है उन्हें पूर्वोत्तर के नागालैंड और मणिपुर दोनों राज्यों के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है जबकि कोहली के अलावा हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु को भी दो जगह से प्रभारी बनाया गया है कैप्टन अभिमन्यु को चंडीगढ़ और पंजाब का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा गुजरात से ओम प्रकाश माथुर, असम से महेंद्रनाथ, छत्तीसगढ़ से अनिल जैन, बिहार से भूपेंद्र यादव, हिमाचल प्रदेश से तीरथ सिंह रावत, झारखंड से मंगल पांडेय, ओडिशा से अरुण सिंह, सिक्किम से नितिन नवीन, तेलंगाना से अरविंद लिम्बावली, उत्तराखंड से थावरचंद गहलोत को प्रभारी बनाया गया है।