लोकसभा चुनाव 2019–पढ़िए जाँजगीर लोकसभा सीट-कौन कितने पानी में … ?

Shri Mi
5 Min Read

(रूद्र अवस्थी)।लोकसभा चुनाव में अधिक देरी नहीं है। सियासी पार्टियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू हैं। फिलहाल इस बात को लेकर चर्चा है कि छत्तीसगढ़ की ग्यारह लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार कौन होगा। इसे लेकर सुगबुहाहट भी है। लेकिन इस बीच एक अहम सवाल यह भी है कि कहां – किसकी स्थिति मजबूत है। इस सवाल का जवाब तलाशते हुए अगर सभी लोकसभा सीटों में शामिल विधानसभा सीटों के हाल के चुनाव नतीजों पर नजर डालें तो जो तस्वीर उभरकर सामने आती है, उससे आने वाले चुनाव के नतीजों का कुछ – कुछ अँदाजा लगाया जा सकता है। इसके मद्देनजर हम छत्तीसगढ़ की हर एक लोकसभा सीट का आकलन इस सीरीज में कर रहे हैं।जाँजगीर लोकसभा सीटः–छत्तीसगढ़ की जाँजगीर लोकसभा सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए रिजर्व है। यह प्रदेश की एकमात्र सीट है जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस लोकसभा क्षेत्र में शामिल आठ विधानसभा क्षेत्रों में से पामगढ़ औऱ बिलाईगढ़ अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

जबकि अकलतरा, जाँजगीर – चाँपा, सक्ती , चँद्रपुर , जैजेपुर औऱ कसडोल विधानसभा की सीटें सामान्य हैं। कभी कांग्रेस के गढ़ के रूप में पहचाने जाने वाले इस लोकसभा क्षेत्र पर पिछले कई चुनावों से बीजेपी का कब्जा है। वैसे बहुजन समाज पार्टी छत्तीसगढ़ की अन्य सीटों के मुकाबले जाँजगीर में  सबसे अधिक मजबूत नजर आती है। पहले के चुनावों में भी पार्टी का अच्छा प्रदर्शन रहा है और हाल  के विधानसभा चुनावों में यहां आठ में से छः विधानसभा क्षेत्रों पर जोगी – बसपा गठबंधन को  काफी वोट मिले हैं।–>>लोकसभा चुनाव से जुड़ी खबरे पढ़ने के लिए cgwall.com के whatsapp ग्रुप से जुड़े,यहाँ क्लिक करे

2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो जाँजगीर लोकसभा क्षेत्र में आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिली है। जांजगीर लोकभा क्षेत्र की आठ में से आधी यानी चार सीटें कांग्रेस ने जीती है। जबकि बीजेपी और जोगी – बसपा गठबंधन को बराबर दो – दो सीटें मिली हैं। यहां की सक्ती , चंद्रपुर, बिलाईगढ़ और कसडोल सीटों पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई है। अकलतरा और जांजगीर – चाँपा बीजेपी के खाते में गई है। जबकि जैजेपुर और पामगढ़ विधानसभा सीटों पर बसपा ने जीत हासिल की है।

इन चुनाव नतीजों के हिसाब से जाँजगीर लोकसभा क्षेत्र में बसपा का असर दिखाई देता है। बसपा ने चुनाव में दो सीटें जीतीं और अकलतरा, चंद्रपुर , बिलाईगढ़ में दूसरे नंबर पर रही। अकलतरा और जैजेपुर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को तीसरे नंबर पर संतोष करना पड़ा। वहीं भाजपा बिलाईगढ़ , पामगढ़ और चन्द्रपुर में तीसरे नंबर पर आ गई।

कुछ ही महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के हिसाब से जाँजगीर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों में अलग –अलग पार्टियों को मिले वोट जोड़कर देखें तो कांग्रेस बढ़त में नजर आती है। कांग्रेस को 4 लाख 86 हजार  हजार से अधिक वोट मिले हैं।

भारतीय जनता पार्टी को दूसरे नंबर पर 3 लाख 91  हजार से अधिक वोट मिले हैं। इस तरह कांग्रेस के वोट बीजेपी के मुकाबले करीब 94 हजार अधिक हैं। जबकि जोगी – बसपा गठजोड़ करीब 3 लाख 84  हजार से अधिक वोट लेकर तीसरे नंबर पर है।

कुछ महीने के भीतर होने वाले लोकसभा चुनावों पर विधानसभा चुनाव के नतीजों का कितना असर पड़ेगा . यह कहना अभी जल्दबाजी होगी।

लेकिन अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व जाँजगीर लोकसभा सीट क्षेत्र में शामिल विधानसभा सीटों पर जिस तरह त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति रही और तीनों पार्टियों को करीब साढ़े तीन लाख या उससे अधिक वोट मिले हैं, इसे देखते हुए लगता है कि लोकसभा चुनाव में भी मुकाबला दिलचस्प होगा।

जिसमें बीजेपी के सामने इस सीट पर 2-14 का  अपना कब्जा बरकरार रखने की चुनौती है। वहीं कांग्रेस को विधानसभा चुनाव नतीजों को बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत लगानी होगी। जबकि तीसरी ताकत के रूप में बसपा की भी अहम् भूमिका होगी।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close