लोक सुराज:श्रम मंत्री ने अधिकारियों को लगाई फटकार

Shri Mi
4 Min Read

belpaanबिलासपुर। लोक सुराज अभियान अंतर्गत तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम बेलपान में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में सोमवार को श्रम, खेल, युवा कल्याण एवं जनशिकायत निवारण मंत्री भैय्यालाल राजवाड़े शामिल हुए। राजवाड़े ने विभिन्न विभागों के तहत् संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ आम जनता को मिल रहा है या नहीं इसकी समीक्षा ग्रामीणों के समक्ष की और जो कमियां पाई गई उसकों तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
श्री राजवाड़े ने कहा कि साल भर में क्या-क्या काम किये गये, जनता तक कौन-कौन सी योजनाएं पहुंचाई गई, योजनाओं के क्रियान्वयन में क्या-क्या दिक्कते आई, लोगों की समस्याएं क्या हैं, यह सब जानने के लिए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी लोक सुराज अभियान में गांव-गांव भ्रमण कर रहे हैं। कोटवार से लेकर स्वयं मुख्यमंत्री तक लोगां के बीच पहुंच रहे हैं। छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर जनपद, तहसील, जिला मुख्यालय में आम जनता न जाये। बल्कि ऐसे शिविर लगाकर उनकी समस्याएं निपटाई जाये, यह सरकार की मंशा है।

                                श्री राजवाड़े ने पीएचई, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, सहकारिता, राजस्व, श्रम विभाग के अधिकारियों को मंच में बारी-बारी से बुलाकर उनके विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आम जनता से भी इसके बारे में पूछा। पी.एच.ई. विभाग के अधिकारी से बेलपान में हैण्डपंपों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि अनेक हैण्डपंप बंद पड़े हैं। इस पर उन्होंने फटकार लगाते हुए कहा कि जो भी हैण्डपंप जल स्तर नीचे जाने के कारण बंद हैं, उनमें राईजर पाईप की लम्बाई अधिकतम बढ़ाएं और जो नल-जल बिगड़े हैं, उन्हें तीन दिन के अन्दर ठीक करें।

                            मितानिनों से कहा कि वे अपने गांव के रक्षक हैं और लोगों को बीमारियों से बचाने का काम वे मुस्तैदी से करें। मौसमी बीमारियों के रोकथाम हेतु जरूरी दवाईयां मितानिनों के पास उपलब्ध रहें। इसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया। सोसायटियों में चावल, मिट्टी तेल, शक्कर, नमक निर्धारित कीमत और समय पर मिल रहा है या नहीं यह ग्रामीणों से पूछा।

                          राजवाड़े ने कहा कि समस्या निराकरण करने के लिए ग्रामीणों को स्वयं पहल करनी होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पी.डब्ल्यू.डी. आवास एवं पर्यावरण विभाग के संसदीय सचिव एवं क्षेत्र के विधायक श्री राजू सिंह क्षत्री ने अपने संबोधन में कहा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रक्रियाओं की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोक सुराज अभियान के तहत् प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा भी की जायेगी।

                          उन्होंने बताया कि उसलापुर से दैजा मार्ग के लिए 122 करोड़ की रूपये की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की गई है। इससे आवागमन के लिए अच्छी सुविधा क्षेत्रवासियों को मिलेगी। कलेक्टर अन्बलगन पी. ने बताया कि लोक सुराज शिविरों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और किसी भी प्रकार की समस्या व शिकायत होने पर तत्काल निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले माह तक सभी खातेदारें को नक्शा, खसरा, बी-1 मिल जायेगा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close