वीसी में सीएम भूपेश का जिला और पुलिस प्रशासन से संवाद…कहा…नुकसान की करें समीक्षा..तत्काल पहुंचाए सहायता

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर—मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शपथ ग्रहण के बाद पहली बार राजधानी रायपुर से वीडियो कांफ्रेसिंग से प्रदेश के सभी जिल कलेक्टरों से रूबरू हुए। असमय बारिश से फसल को हुए नुकसान पर चिंता जाहिर कर समीक्षा करने को कहा। वीडियो कांफ्रेसिंग के दौारन छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री टी.एस. सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू भी मौजूद थे। बघेल ने कलेक्टरों को बेमौसम बारिश से खराब हुई फसल का आकलन कर एक सप्ताह के भीतर प्रभावित किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराने को कहा।
                   मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार वीडिया कांफ्रेंसिंग कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने असमय बारिश के बाद नुकसान की समीक्षा करने को कहा है। सीएम ने कहा कि प्रभावित किसानों को समीक्षा के बाद सहायता राशि राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के तहत उपलब्ध कराई जाएगी। बिलासपुर जिले से वीडियो कांफ्रेंसिग में आईजी प्रदीप गुप्ता, कलेक्टर पी. दयानंद, पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख  उपस्थित थे।
              मुख्यमंत्री श्री बघेल ने जन घोषणा पत्र के अनुसार किसानों के अल्पकालिक कृषि ऋण माफी की घोषणा को तत्काल अमल में लाने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा ऋण माफी के लिए पात्र किसानों की संख्या और माफ किए जाने वाले ऋण की राशि की जानकारी तैयार करें। मुख्यमंत्री ने वन अधिकार पट्टों के वितरण के बारे में भी जिला कलेक्टरों से जानकारी ली।दिसंबर 2005 के पहले वन भूमि पर काबिज सभी आदिवासी और गैर आदिवासी हितग्राही जिनकी तीन पीढ़ियां मौके पर हैं या 75 साल से निवासरत हों, सभी को वन अधिकार पट्टा दिया जाना चाहिए।
                   मुख्यमंत्री ने वन अधिकार पट्टों के व्यक्तिगत और सामुदायिक दोनों प्रकार के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने को कहा। धान खरीदी की भी जानकारी कलेक्टरों से ली। बघेल ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों से जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में भी पूछा।
             वीडियो कांफेंसिंग में मंत्री टी.एस.सिंहदेव ने विभिन्न सामाजिक सहायता पेंशनों के लंबित प्रकरणों की जानकारी कलेक्टरों से मांगी। सभी प्रकार की मदों से स्वीकृत किए गये विकास कार्यों के बारे में भी कलेक्टरों से जानकारी ली। सिंचाई, सड़कों और कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना की संभावनाओं पर भी सिंहदेव ने कलेक्टरों से पूछा। नामांतरण, बटवारा, सीमांकन जैसे सरल राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी के निर्देश दिए।
                               ताम्रध्वज साहू ने जिला कलेक्टरों से शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली। योजनाओं के संचालन में आने वाली व्यवहारिक दिक्कतों को भी सभी कलेक्टरों से पूछा। साहू ने अवैध कटाई रोकने के साथ-साथ पूर्व में किये गये वृक्षारोपण की अद्यतन स्थिति की जानकारी मांगी। पुराने बांधों और नहरों की सिंचाई क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ नई सिंचाई परियोजनाओं की संभावनाओं के बारे में भी कलेक्टरों से बातचीत की।
close