शैलेश ने कहा..जनता से मिल रहा भरपूर प्यार…भाजपा के प्रति गहरी नाराजगी..बिलासपुरियों के साथ हुआ गंदा खेल

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

बिलासपुर— कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पाण्डेय ने कहा कि पिछले पन्द्रह सालों से शहर का विकास नहीं बल्कि विनाश हुआ है। जनसंपर्क अभियान के दौरान शैलेश ने घर घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया। बिलासपुर के विकास और सरकार की कामकाज को लेकर चर्चा की। चर्चा के बाद पत्रकारों से शैलेश ने कहा कि जनता वर्तमान सरकार और प्रतिनिधि को बदलना चाहती है। इसलिए कांग्रेस की जीत से कोई इंकार नहीं कर सकता है।

                      कांग्रेस कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार शहरवासियों से कांग्रेस प्रत्य़ाशी शैलेश पाण्डेय को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। शैलेश पाण्डेय एक एक वार्ड में जाकर घर घर संवाद कर रहे हैं। लोगों की परेशानियों से रूबरू भी हो रहे हैं।

          जनसम्पर्क में निकलने से पहले कांग्रेस नेता शैलेश पाण्डेय अन्य नेताओं के साथ पंडित देवकीनंदन दीक्षित की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प गुच्छ के साथ माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। भारत माता से जीत के लिए आशीर्वाद भी मांगा। जनसम्पर्क के दौरान शैलेश पाण्डेय ने बताया कि उन्हें जनता से भरपूर प्यार मिल रहा है। लोग उनका समर्थन उमंग और उत्साह से कर रहे हैं।

           शैलेश पाण्डेय और कांग्रेसियों ने देवकीनंदन दीक्षित चौक गोंड़पारा समेत जूना बिलासपुर के लोगों से संवाद किया। कांग्रेसियों के अनुसार जनसंवाद के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशी को जीत का आशीर्वाद दिया है।

                              शैलेश पांडे ने बताया कि भाजपा सरकार ने विकास नहीं विनाश किया है। खासकर बिलासपुर में विकास के नाम पर केवल भ्रष्टाचार का खेल हुआ है। पिछले पन्द्रह सालों से बिलासपुर वासियों के साथ विकास के नाम पर गंदा खेल हुआ है। बिलासपुर की जनता अब गंदे खेल को समझ चुकी है। इस बार बिलासपुर से कांग्रेस की निश्चित रूप से जीत होगी।

                जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शैलेश पांडे का फूल मालाओं से स्वागत किया। लोगों ने जमकर आतिशबाजी भी की। इस दौरन शैलेश पांडे के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी महिला नेत्री और युवा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

close