बिलासपुर—छजकां के युवा प्रदेश अध्यक्ष विनोद तिवारी ने आज प्रेस वार्ता में कहा कि बस्तर और सरगुजा के बाद बिलासपुर में यूथ विंग का गठन किया जाएगा। टीम गठन के समय नए पुराने राजनीज्ञों को बराबर स्थान दिया जाएगा। संगठन में अनुभव और ऊर्जा का सम्मान किया जाएगा।
मरवाही सदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनोद तिवारी ने कहा कि पार्टी मे 50 प्रतिशत पुराने राजनीतिज्ञ और 50 प्रतिशत नए लोगों को स्थान दिया जाएगा। विनोद तिवारी ने भाजपा सरकार पर युवाओं के साथ छल करने का आरोप लगाया है। आउटसोंर्सिंग का विरोध करते हुए तिवारी ने कहा कि छजकां प्रदेश के नौजवानों के साथ अन्याय नहीं होने देगा।
राज्य में अपराध का ग्राफ बढ़ा है। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के कार्यकाल में प्रदेश का बजट 4500 करोड़ का था। आज 80,000 करोड़ का बजट है। बावजूद इसके लोगों को खाने पीने और नौकरी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। आधारभूत संरचना की हालत बेहद जर्ज है।
तिवारी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि राज्य में अवैध शराब की बिक्री चरम पर है। खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है। प्रतिबंधित पालीथिन का प्रयोग जमकर हो रहा है। अधिकारी इन पर लगाम लगाने की वजाय अपना जेब भर रहे हैं।
एक सवाल पर विनोद तिवारी ने कहा कि पंजाब और उत्तरप्रदेश चुनाव के बाद हमारी पार्टी का भी रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। कांग्रेस को घबराने की जरूरत नहीं है। उनकी घबराहट को हम जल्द ही खत्म कर देंगे।
विनोद तिवारी ने बताया कि अजीत जोगी का कांग्रेस में दुबारा लौटने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होने कहा कि हमारा मुकाबला कांग्रेस से नहीं सिर्फ भाजपा से है।