संचालक ने सर्टिफिकेट देने से किया इंकार…बिना अनुमति खोला प्रशिक्षण केन्द्र…

BHASKAR MISHRA
2 Min Read

COLLECTORATEबिलासपुर— स्किल डेवलपमेंट के छात्रों ने कौशल प्रशिक्षण केन्द्र संचालक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। छात्रों ने जनदर्शन में  संचालक मिलन सोनी की शिकायत की है। छात्रों के अनुसार काठाकोनी स्थित कौशल प्रशिक्षण केन्द्र का संचालक ना तो प्रशिक्षकों को वेतन दे रहा है और ना ही छात्रों को सर्टिफिकेट….

Join Our WhatsApp Group Join Now

                      जनदर्शन कार्यक्रम में तखतपुर काठाकोनी में संचालित कौशल प्रशिक्षण के छात्र और प्रशिक्षकों ने शिकायत की है। छात्रों ने बताया कि काठाकोनी में मिलन सोनी ने आश्रय सेवा संस्थान प्रशिक्षण केन्द्र खोला है। केन्द्र में तीन महीने तक सिलाई, कढ़ाई, कम्प्यूटर का प्रशिक्षण दिया गया। लेकिन संचालक ने सर्टिफिकेट देने से इंकार कर दिया है।

                 छात्रों के साथ जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंची दो महिला प्रशिक्षकों ने बताया कि तीन महीने पहले बतौर प्रशिक्षक नियुक्ति की गयी। अभी तक एक भी महीने का वेतन नहीं दिया गया है।

                 छात्र और प्रशिक्षकों ने जनदर्शन में बताया कि मिलन सोनी ने बिना अनुमति कौशल प्रशिक्षण केन्द्र खोला। प्रवेश के समय इसकी जानकारी किसी को भी नहीं थी। सर्टिफिकेट मांगने के बाद मामला सामने आया। मिलन सोनी ने छात्रों को बताया कि जब तक संस्थान को अनुमति नहीं मिलती है…सर्टिफिकेट और वेतन नहीं दिया जाएगा। छात्रों के अनुसार जब संस्थान को अनुमति नहीं थी तो शुल्क क्यों लिया गया। इसलिए जिला प्रशासन से उम्मीद है कि संचालक को फीस लौटाने के लिए कहे। प्रशिक्षकों ने भी जिला प्रशासन से तीन महीने का वेतन दिलाने को कहा।

संस्थान संचालक मिलन सोनी ने बताया कि जनपद पंचायत तखतपुर में अनुमति के लिए आवेदन दिया है। अनुमति मिलने के बाद सभी लोगों की शिकायतों को दूर कर दिया जाएगा।

मिलन सोनी के अनुसार संस्था में करीब तीस बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अनुमति मिलने मेंं देरी हो रही है। इस उम्मीद में संस्था को खोला है कि देर सबेर अनुमति मिल ही जाएगी।

close