सद्भाव की मिसाल है छत्तीसगढ़-रमन

Chief Editor
4 Min Read

luthra_sharifबिलासपुर। छत्तीसगढ़ साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल है। यहां के लोग शांति, सद्भावना और भाईचारा के साथ रहते हैं। शांति के साथ छत्तीसगढ़ का उत्तरोत्तर विकास होगा। मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने आज बिलासपुर जिले के लुतरा में इंतेजामिया कमेटी द्वारा आयोजित हजरत बाबा इंसान अली शाह उर्स पाक के समापन के अवसर पर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर लुतरा शरीफ में मुसाफिरखाना के द्वितीय चरण के कार्य के लिए 50 लाख, उद्यान के लिए 20 लाख एवं एक 10 बिस्तरीय स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोग शांति से रहते हैं। इसमें समाज प्रमुखों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बनारस हिन्दु विश्वविद्यालय एवं अलीगढ़ विश्वविद्यालय के तर्ज पर देश में छः विश्वविद्यालय खोले जायेंगे। अल्प संख्यकों के विकास के लिए स्कूलों में कम्प्यूटर, शिक्षा दी जायेगी। प्रशिक्षण देने वाले को उस्ताद कहा जायेगा। प्रशिक्षण उपरांत उनके व्यवसाय के लिए लोन की व्यवस्था की जायेगी। निःशक्तजनों को विभिन्न व्यवसाय में प्रशिक्षण देने के लिए भी कार्ययोजना बनाई गई है। पूरे देश में 700 टेªनिंग सेंटर खोली जायेगी। समाज के लोग शिक्षित और प्रशिक्षित होकर अपने पैरों में खड़ें होंगे। इससे देश का विकास होगा। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने बाबा हजरत इंसान अली की दरगाह में चादर चढ़ाया और छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                               public_luthraकार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि आज हम मुख्यमंत्री के साथ छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए बाबा से दुआ मांगने आये हैं। आज मेरे लिए पवित्र दिन है। जो बाबा की दरगाह में हाजिर हुआ हूं। उन्होंने कहा कि मुझे प्रदेश के लिए जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे निभाने में सफल हो सकूं। नगरीय प्रशासन, उद्योग एवं वाणिज्यिककर मंत्री अमर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की अमनचैन के लिए दुआ मांगने आएं हैं। हम सबका जीवन सुखःमय हो। लोगों में सामाजिक समरसता और साम्प्रदायिक सौहार्द्र बनी रहे। छत्तीसगढ़ हमेशा शांत रहा है। यहां सभी समाज के लोग आपसी सद्भावना से रहते हैं। उन्होंने लुतरा शरीफ दरगाह की कमियां को दूर करने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराया। इस अवसर पर वफ्फ बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. सलीम अशरफी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में इंतेजामिया कमेटी के अध्यक्ष हाजी अखलाख खान ने स्वागत भाषण दिया। धर्मगुरू अलहाज रासिद ने भी संबोधित किया।

                              इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री पुन्नूलाल मोहले, सांसद लखनलाल साहू, महापौर  किशोर राय, जिला पंचायत के अध्यक्ष दीपक साहू, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती हर्षिता पाण्डेय, जनपद पंचायत मस्तूरी अध्यक्ष श्रीमती चांदनी भारद्वाज, रजनीश सिंह, इंतेजामिया कमेटी के पदाधिकारी, संभागायुक्त सोनमणि बोरा, पुलिस महानिरीक्षक पवन देव, कलेक्टर अन्बलगन पी., पुलिस अधीक्षक अभिषेक पाठक सहित भारी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।

close