सब कुछ ठीक तो..क्यों नहीं आए दावेदार…जिला अध्यक्ष की बैठक से…दूर रहे बेलतरा से टिकट मांगने वाले दिग्गज

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— बेलतरा से भाजपा प्रत्याशी रजनीश सिंह की बैठक में इतने लोग भी नहीं पहुंचे…जितना बेलतरा से दावेदार थे। बावजूद इसके भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि चौथी बार ना केवल सरकार बनाएंगे। बल्कि 65 प्लस का आंकड़ा भी हासिल करेंगे। एक दिन पहले बेलतरा प्रत्याशी ने बेलतरा भाजपा नेताओं की बैठक बुलाई। लेकिन इतने लोग भी नहीं आए जितना टिकट के लिए दावेदारों की संख्या थी। यद्यपि संगठन के कुछ जिम्मेदार लोगों ने बताया कि मंडल की बैठक थी…। लेकिन इस दौरान तर्क में दम कम और पीड़ा ज्यादा दिखाई दी।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                   प्रत्याशी एलान के बाद विधानसभा क्षेत्रों में धीरे धीरे असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। जहां नहीं आ रहा है…वहां लोग संगठन और बैठक से दूरी बनाकर चलना शुरू कर दिया है। पाटन मरवाही के बाद अब बेलतरा में भी धीरे धीरे असंतोष दिखाई देने लगा है। एक दिन पहले बैठक में इतने लोग भी नहीं पहुंचे..जितने लोगों ने बेलतरा विधानसभा से दावेदारी की थी।

                    मालूम हो कि एक दिन पहले जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने भाजपा कार्यालय में बेलतरा विधानसभा के लोगों के साथ बैठक की। बैठक हमेशा की तरह गुपचुप हुई। हाल में रखी तीन चौथाई कुर्सियां खाली रहीं। जानकारी के अनुसार नामांंकन भरने से पहले रणनीतियों पर चर्चा क्षेत्र के नेताओं को बुलाया गया था। लेकिन बैठक में तीन दावेदारों को छोड़कर टिकट दिग्गज दावेदार नदारद रहे। मामला सामने आने के बाद संगठन के लोगों ने बताया कि बैठक मण्डल कार्यकर्ताओं की थी।

              बताते चलें कि बेलतरा विधानसभा में कुल चालिस से अधिक लोगों ने टिकट की दावेदारी की थी। लेकिन भाग्य पिटारा जिला भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष रजनीश सिंह हिस्से में आया। जाहिर सी बात है कि दिग्गजों के मंसूबों पर पानी फिर गया। जिसका असर अब धीरे धीरे दिखाई देने लगा है। दबी जुबान में ही सही टिकट दावेदारों ने नाखुशी जाहिर करना शुरू कर दिया है। शायद यही कारण है कि तीन टिकट दावेदारों को छोड़कर बैठक में कोई दावेदार नहीं दिखाई दिया। कहने का मतलब कि बैठक में इतने लोग भी नजर नहीं आए..जितने ने दावेदारी की थी।

                                 बैठक में बेलतरा से टिकट दावेदारों में बिल्हा जनपद उपाध्यक्ष विक्रम सिंह,मण्डल अध्यक्ष तिलक साहू, अनिल पाण्डेय और अवधेश अग्रवाल के सशक्त दावेदार विजयधर दीवान ही नजर आए। जबकि बैठक में प्रमुख टिकट दावेदार सुरेन्द्र गुम्बर, प्रवीण दुबे, उमाशंकर जायसवाल, सुशांत शुक्ला, डॉ.प्रफुल्ल शर्मा,राजा पाण्डेय,उमेश गौरहा समेत कई दिग्गजों को भी बुलाया गया था। चुनाव के समय बैठक से परहेज गहरी नाराजगी और प्रत्याशी के खिलाफ आक्रोश को जाहिर करता है।

             मामले में यद्यपि बेलतरा से भाजपा प्रत्याशी रजनीश सिंह से सम्पर्क का प्रयास किया गया। लेकिन सम्पर्क नहीं हो सका। लेकिन संगठन के कुछ लोगों ने नाम नहीं उजागर होने की सूरत में बताया कि प्रत्याशी चयन को लेकर उन्हें कुछ नहीं कहना है।

close