सरोज के बयान पर फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा..CM पर साधा निशाना…पूछा…हारने वाली सांसद ने किसे खुश करने दिया बयान

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

बिलासपुर— कांग्रेस नेताओं ने एक दिन पहले पत्रकार वार्ता में सरोज पाण्डेय का पुनिया के खिलाफ दिए बयान पर आक्रोश जाहिर किया है। मालूम हो कि बिलासपुर प्रवास के दौरान भाजपा नेत्री राष्ट्रीय महामंत्री सांसद सरोज पाण्डे ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रदेश प्रभारी पी.एल.पुनिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। सरोज पाण्डेय ने कहा था कि पुनिया थके हारे इंसान है…उनके बारे में कुछ नहीं कहना। जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व क्षमता पर उंगली उठाई थीं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                   सरोज पाण्डेय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता शैलेष पाण्डेय, अभयनारायण राय, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर अनिल चौहान,रामशरण यादव, महेश दुबे, आशीष सिंह, विवेक वाजपेयी, पंकज सिंह, कृष्ण कुमार यादव ने संयुक्त प्रेस नोट जारी कर सरोज पाण्डे पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरोज पाण्डेय मोदी  लहर में अपने दुर्ग को संभाल नहीं पायीं। लोकसभा में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा है। जनता से नकारे जाने के बाद सरोज पाण्डेय मोदी और अमित शाह की भक्ति कर पीछे के रास्ते से राज्यसभा पहुँच गयी।

                     कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी और अमित शाह को दिखाने और अंक बटोरने के लिए सरोज पाण्डेय ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के खिलाफ अनर्गल प्रलाप किया है। सरोज पाण्डे को बिलासपुर में आकर बिलासपुर में एक भी ऐसा काम बताना था जो भाजपा सरकार ने किया हो। चूंकि विकास की चर्चा कर नहीं सकती थी। लोगों को ध्यान खींचने के लिए राहुल और पुनिया पर बयान देकर बड़ा नेता बनने की कोशिश की हैं।

             कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी लगातार दौरे और पुनिया की सक्रियता से भाजपा सरकार डर गयी है। छत्तीसगढ़ के सामाजिक , व्यापारिक संगठनों समेत अन्य राजनीतिक दलों के लोगों से प्रदेश कांग्रेस को लगातार समर्थन मिल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने लगातार भाजपा के भ्रष्टाचार को उजागर किया है। सरकार के खिलाफ आंदोलन खड़ा कर संगठन को एक सूत्र में बांधा है। जिसके चलते भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व घबरा गया है। उसी का परिणाम है कि सरोज पाण्डे अनर्गल बयानबाजी करने लगी हैं।

                             कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुनिया को थकाहारा कहने वाली सरोज पाण्डे 15 साल से थके हारे मुख्यमंत्री के बारे में बयान देती तो अच्छा होता। पुनिया वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं। अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसद, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में पूरा देश में उनकी योग्यता को पहचाना जाता है। सरोज पाण्डे बताएं कि 15 लाख रूपये खाते में क्यों नहीं आये, 2 करोड़ लोगों को रोजगार क्यों नहीं मिला ? किसानों को 5 साल बोनस क्यों नहीं मिला ? छ.ग. की कई हजार बेटियाँ गायब हैं…वो क्यों नहीं मिली ? प्रदेश में महिलाओं पर लगातार अत्याचार क्यों हो रहा है ? प्रदेश की नर्सों को आंदोलन के दौरान जेल में क्यों डाला गया। भा.ज.पा. समर्थित निर्दलीय विधायक की थाने में पिटाई क्यों होती है ? डीजल-पेट्रोल आज इतना महंगा क्यों है ? स्विस बैंक में काला धन जमा करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी क्यों हो रही है ? रूपया का दर लगातार क्यों गिर रहा है, इन बातों का जवाब बिलासपुर में आकर देती तो सांसद के रूप में उनका बयान जनता के हित में होता।

                               कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्व में भी सरोज पाण्डे राहुल के लिए कुंठित बयान जारी किया था। भविष्य में उनकी भाषा राष्ट्रीय नेताओं के प्रति ऐसी ही रही तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ेगा। सरोज पाण्डे के बयान पर जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण और शहर ने निंदा प्रस्ताव भी पारित किया है।

close