सस्ते हैलोजन बल्बो पर लगेगी रोक

Shri Mi
3 Min Read

mantralay_rprरायपुर।सस्ते और हैलोजन बल्बों के कारण स्वास्थ्य को हानि पहुंचने की कुछ घटनाओं को छत्तीसगढ़ सरकार ने गंभीरता से लिया है। राज्य के सभी जिलों में ऐसे बल्बों के उपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला कलेक्टरों को ऊर्जा विभाग के अधिकारियों की मदद से दुकानों पर लगातार निगरानी रखने और आम जनता के बीच जागरूकता लाने के निर्देश राज्य शासन द्वारा दिए गए हैं। इसके साथ ही आम जनता और विशेष रूप से सामाजिक-सांस्कृतिक  आयोजन करने वाली संस्थाओं से कार्यक्रमों में ऐसे बल्बों का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की गई है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                              ऐसे बल्बों का इस्तेमाल में काफी जोखिम है और ये मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक भी है। कुछ स्थानों से इस प्रकार के बल्बों के फटने की भी रिपोर्ट आयी है। इन बल्बों के कारण लोगों की त्वचा और आंखों में एलर्जिक प्रतिक्रिया देखी गई है। तीज त्यौहारों के मौसम को देखते हुए भीड़-भाड़ वालेे स्थानों पर इस प्रकार की घटना होने की आशंका भी बनी रहती है। राज्य सरकार का यह मानना है कि इन सब बातों को देखते हुए ऐसे हानिकारक बल्बों के विक्रय और उपयोग पर तत्काल रोक लगाने की जरूरत है।

                               इस सिलसिले में राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि वे अपने-अपने जिलों में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों की मदद से इस पर निगाह रखे और सस्ते तथा आयातित हैलोजन बल्बों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाए। बिजली के सामान बेचने वाले दुकानदारों को भी इस प्रकार के सस्ते और आयातित बल्बों के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।

                     राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों से यह भी कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस बारे में जागरूकता लाने का प्रयास किया जाए और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों तथा पर्वों से जुड़ी समितियों से सम्पर्क कर उन्हें इस प्रकार के नुकसानदायक बल्बों का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी जाए।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close