सहकारी बैंक में फिर ठगी का 2 नया मामला..खाता से 1 लाख से अधिक की ठगी..अब तक 4 लोग शिकार

BHASKAR MISHRA
7 Min Read

बिलासपुर— सहकारी बैंक में खाता से रूपए निकालने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को दो नया मामला सामने आया है।दोनों किसानों के खाते से करीब एक लाख से अधिक रूपए एटीएम कार्ड यानि रूपी कार्ड से निकाले गए है। मजेदार बात है कि यहां भी किसानों को बैंक ने रूपी कार्ड नहीं दिया है। बताते चलें कि दोनों किसानों को मिलाकर अब तक आनलाइन ठगी के चार मामले सामने आ चुके हैं। लगातार मिल रही शिकायत से प्रबंधन में हड़कम्प है।CGWALL NEWS के व्हाट्सएप न्यूज़ ग्रुप से जुडने यहाँ क्लिक कीजिये

Join Our WhatsApp Group Join Now

                       शुक्रवार को सकरी क्षेत्र के दो किसानों ने जिला सहकारी केन्द्रीय़ मर्यादित बैंक पहुंचकर बताया कि 16 अप्रैल से 16 मई के बीच उनके खाते से अलग अलग तारीख को करीब एक लाख रूपए से अधिक का आहरण किया गया है। रूपए का आहरण रूपी कार्ड से हुआ है।  जबकि  बैंक से उन्होने रूपी कार्ड लिया ही नहीं। जानकारी के बाद बैंक प्रबंधन के होश उड़ गए हैं।

                      बताते चलेें कि सबसे पहले सकरी संबलपुरी का किसान रामकुमार कौशिक ने शिकायत की थी कि उसके खाते से रूपी कार्ड के जरिए 5 लाख 76 हजार रूपए निकाले गए। मामले की शिकायत सहकारी बैंक प्रबंधन ने सिविल लाइन थाने में की। जांच पड़ताल में पाया गया कि पांच अलग अलग बूथ से 37 बार में रूपए निकाले गए हैं। एक दिन पहले संबलपुरी के ठाकुर प्रसाद ने भी बताया कि उसके पास रूपी कार्ड नहीं है। बावजूद इसके एटीएम से 1 लाख 60 हजार रूपए निकाले गए। ठाकुर प्रसाद की शिकायत सिविल लाइन तक पहुंची। जांच पड़ताल में अलग अलग एटीएम बूथ से फुटेज निकाले गए। रूपया निकालने वाला कमोबेश वही पाया गया जिसने रामकुमार कौशिक के खाते से रूपया निकाला है।

                शुक्रवार को बैंक प्रबंधन के होश उस समय उड़ गए जब दो किसानों ने बताया कि उनके खाते से भी करीब एक लाख से अधिक रूपए निकाले गए हैं । 

                                    सूत्रों के अनुसार सकरी संबलपुरी का किसान शिवकुमार सााहू रूपया निकालने एक दिन पहले बैंक पहुंचा। बैंक प्रबंधन ने बताया कि खाते से 70 हजार रूपए एटीएम बूथ से निकाले गए है। इतना सुनते ही शिवकुमार के कान खड़े हो गए। किसान ने बताया कि उसके पास रूपी कार्ड है ही नहीं। ऐसे में एटीएम बूथ से रूपए निकालने का सवाल ही नही उठता।  शिवकुमार ने सीईओ से लिखित शिकायत की है। बताया जा रहा है शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराया जाएगा। इसके अलावा शिवकुमार ने 70 हजार रूपए की मांग भी की है। 

           जानकारी के अनुसार सैदा का किसान प्रताप नाथ चड्ठा भी एक दिन पहले जिला सहकारी बैंक रूपए निकालने पहुंचा। प्रबंधन ने बताया कि उसके भी खाते से 40 हजार रूपए एटीएम से निकाले गए है। प्रतापनाथ ने कहा कि उसके पास भी रूपी कार्ड नहीं है। फिर एटीएम से रूपए निकालने का सवाल ही नहीं उठता है। बहरहाल दोनो मामलों को सुनने के बाद बैंक प्रबंधन की परेशानी बढ़ गयी है। क्योंकि ठगी का मामला अब दो से चार तक पहुंच चुका है।

                  बताते चलें कि दोनों किसानों के खाते से रामकुमार कौशिक और ठाकुर प्रसाद साहू की तरह 16 अप्रैल से 16 मई के बीच में ही रूपया निकाला गया है। सूत्र ने बताया कि पहला मामला 6 जून को रामकुमार कौशिक के रूप में सामने आया था।  जबकि ठाकुर प्रसाद साहू का मामला 7 जून को आया। 

                पहला मामला सामने आने के बाद एटीएम से रूपया निकलना बन्द हो गया है। ऐसे में इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि इसमें बैंक कर्मचारी भी शामिल हो सकता है। क्योंकि रूपी कार्ड का पैकेट प्रभारी के चैम्बर में सुरक्षित रखा गया था।  लेकिन अब जानकारी मिल रही है कि कार्ड गायब है। गायब कार्ड का बन्डल सकरी क्षेत्र का ही है। इसलिए आने वाले समय में सकरी क्षेत्र के किसान ठगी की शिकायत लेकर पहुंचे तो आश्चर्य नहीं होगा।

 मस्तूरी थाना में फरवरी में हुआ ठगी का मामला दर्ज 

             जानकारी देते चलें कि मस्तूरी किसान और नेता विनोद सिंह ठाकुर के साथ भी फरवरी में ठगी का मामला सामने आ चुका है। मामले में अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हूई। विनोद सिंह के अनुसार उसके खाते से किसी ने 20 हजार रूपए निकाले। मामले की शिकायत 20 फरवरी 2020 को शाखा प्रबंधक और थाने में की। लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। विनोद के अनुसार चार मामला सामने आने के बाद समझ में आ गया है कि वह भी ठगी का शिकार बैंक प्रबंधन की लापरवाही के चलते हुआ है।

 एक की जानकारी दूसरे की नहीं–सीईओ

                       सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीकांत चन्द्राकर ने बताया कि उनकी जानकारी में ठगी का एक ही मामला सामने आया है। शिकायत कर्ता शिवकुमार ने बताया कि उसके खाते से 70 हजार की ठगी हुई है। जबकि उसके पास रूपी कार्ड भी नहीं है। रूपए एटीएम से निकाले गए है। श्रीकांत ने बताया कि प्रतापनाथ की शिकायत अभी तक उन्हें नहीं मिली है।         

close