साजिश करने वालों का खोलुंगा पिटारा..कांग्रेस प्रवक्ता ने पूछा..किसके दबाव में पुलिस कर रही काम…अध्यक्ष ने की निष्पक्ष जांच की मांग

BHASKAR MISHRA
6 Min Read

बिलासपुर— कोटा थाना में एफआईआर दर्ज होने के बाद पहली बार प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेष पाण्डेय ने प्रेस वार्ता कर पुलिस,प्रशासन और साजिश करने वाले विपक्ष को ललकारा है। शैलेश पाण्डेय ने बताया कि 11 महीने पहले विश्वविद्यालय से अलग हो चुका हूं। अपने कार्यकाल के दौरान शिकायत कर्ता प्रमेन्द्र मानिकपुरी के खिलाफ पुलिस में कई बार ब्लैकमेलिंग,फर्जी मार्कशीट बनाने,नकल कराने के आरोप मामला दर्ज कराया। लेकिन अाज पर्यन्त तक उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। एक दिन रात्रि को उसकी शिकायत पर पुलिस बिना जांच पड़ताल किए मेरे खिलाफ अपराध दर्ज करती है। इससे जाहिर होता है कि प्रमेन्द्र और पुलिस किसी के इशारे पर काम कर रही है। मेरी राजनीतिक हत्या की साजिश हो रही है। कोटा थाने में दर्ज शिकायत के खिलाफ मेरे खिलाफ आर्थिक अपराध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। जबकि इस प्रकार की धाराएं किसी कर्मचारी के खिलाफ लगती हैं। ना कि किसी नेता के खिलाफ। शैलेन्द्र ने कहा कि जल्द ही साजिश करने वालों का भांडा फोडूंगा।

                               प्रेसवार्ता लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश पाण्डेय ने एक साथ पुलिस प्रशासन और पीठ के पीछ राजनातिक साजिश करने वाले लोगों को निशाना साधा है। शैलेश ने बताया कि समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर मेरे खिलाफ कोटा थाना में ही मामला दर्ज क्यों किया गया। जबकि मैं विश्वविद्यालय से 11 महीने पहले ही अलग हो गया हूं। शैलेश ने बताया कि ताज्जुब होता है कि विवाद विश्वविद्यालय परिक्षेत्र को लेकर है। एफआईआर आर्थिक मामलों को लेकर किया गया है। सोशल मीडिया में कुछ गाइडेड लोग मेरे खिलाफ फर्जी डिग्री का मामला उछाल रहे हैं। दरअसल आरोप लगाने वाले कन्फ्यूज्ड हैं। जल्द ही उनके कन्फ्यूजन को दूर करूंगा। जिस तरह मेरे खिलाफ विपक्ष के लोग साजिश कर रहे हैं उसी तरह जल्द ही हाईकमान से अनुमति मिलने के बाद ऐसे लोगों का भांडा फोड़ूंगा।

                           सवाल के जवाब में शैलेश ने बताया कि मुझे ताज्जुब होता है कि हिस्ट्रीशिटर के खिलाफ एक नहीं कई बार ब्लैकमेलिंग,उगाही,फर्जीबाड़ा,नकल चोरी को लेकर लिखित शिकायत की है। बावजूद इसके प्रमेन्द्र के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। लेकिन जैसे ही उसने शिकायत की। पुलिस ने तत्काल मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया। शैलेश ने बताया कि आखिर इतनी जल्दबाजी क्यों और किसके इशारे पर हो रही है।

              एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी। बावजूद इसके मैने खुद पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचकर आरोप जाना और समझा। कांग्रेस कमेटी ने फैसला किया है कि मामले में आईजी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।

  शैलेश ने पत्रवार्ता के दौरान कई लड़कों का शपथ पत्र और थाने में प्रमेन्द्र के खिलाफ किए लिखित शिकायतों को पेश किया। उन्होने बताया कि प्रमेन्द्र नाइसटेक कम्प्यूट सेन्टर चलाता है। छात्र छात्राओं से मोटी रकम लेकर आज तक ना तो डिग्री दिया है और ना ही डिप्लोमा ही। बावजूद इसके अभी तक उसके खिलाफ ना तो एफआईआर दर्ज किया गया और ना ही किसी प्रकार की कार्रवाई ही हुई।इसकी मुख्य वजह प्रमेन्द्र को सत्ता पक्ष से प्रोटेक्शन मिल रहा है। इस दौरान शैलेश पाण्डेय ने भाजपा के दो चार नेताओं का भी नाम लिया। शैलेश ने दावा कि इन्होने जानबूझकर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। ऐसे लोगों के खिलाफ आईजी से मिलकर प्रमेन्द्र मानिकपुरी की शिकायत करूंगा। छात्र छात्राओं की शिकायतों को भी आईजी के सामने रखकर कार्रवाई की मांग करूंगा।

                       इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने गतिविधियों को लेकर पांच सवाल किए। उन्होने कहा कि पुलिस बताए कि उन्होने विवरिणिका में दर्ज शुल्क से कब अधिक रकम लिया। एफआईआर के अनुसार आरोप लगाया गया है कि मैने भ्रष्टाचार से मोटी रकम कमाया है। बताने का कष्ट करें कि आरोप लगाने का आधार क्या है। मुझ पर डिग्री डिप्लोमा रैकेट चालने का भी आरोप है। बताएं कि यह रैकेट क्या होता है।

विजय ने की निष्पक्ष जांच की मांग..अपने नेता के साथ

                    जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विजय ने कहा कि हम अपने नेता के साथ हैं। अभी तो यह शुरूआत है। यदि भविष्य में साजिश के तहत किसी दूसरे कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज हो जाए तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी। हम लोग आईजी मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। निवेदन करेंगे कि इसके पीछे जिन लोगों का नाम हो उसे उजागर किया जाए। जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे।

             प्रेस वार्ता में शैलेश के अलावा प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव,प्रवक्ता अभय नारायण राय,शैलेन्द्र जायसवाल,विजय केशरवानी,नरेन्द्र बोलर,अनिल चौहान,शेख नजरूद्दीन समेत कई कांग्रेस मौजूद थे।

close